सांचौर में बस-बोलेरो में भिड़ंत, खाई में गिरी बोलेरोः खाटूश्यामजी से दर्शन कर लौट रहे थे बोलेरो सवार, 13 घायल
PALI SIROHI ONLINE
सांचौर-जालोर में निजी बस और बोलेरो में भिड़ंत हो गई। हादसे में बोलेरो में सवार एक ही परिवार के 13 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को सांचौर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां से एक बच्ची समेत तीन को गुजरात रेफर कर दिया गया है।
हादसा नेशनल हाईवे 168ए पर सांचौर के प्रतापपुरा गांव केपास बुधवार सवेरे करीब साढ़े 9 बजे हुआ। बस गुजरात की तरफ से सांचौर जा रही थी, जबकि बोलेरो सवार सांचौर से पलादर की तरफ जा रहे थे।खाटूश्याम जी के दर्शन कर लौट रहे थे
सांचौर थाने के एएसआई जेठा राम ने बताया- बोलेरो में एक ही परिवार के 13 लोग सवार थे। सभी लोग खाटू श्याम जी के दर्शन कर अपने गांव पलादर (सांचौर) लौट रहे थे। वे अपने गांव से लगभग 10 किलोमीटर दूर थे।
गुजरात की तरफ से आ रही बस से भिड़ी बोलेरो
इस दौरान गुजरात की तरफ से सांचौर जा रही बस और बोलेरो में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि टक्कर के बाद बोलेरो सड़क किनारे बनी खाई में जा घुसी। हादसे बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
ग्रामीणों ने घायलों को बाहर निकाला
तेज आवाज सुनकर प्रतापपुर और आस-पास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने पुलिस और एंबुलेंस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने घायलों को बाहर निकाला और सभी को सांचौर के निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया। हादसे में बोलेरो सवार सभी 13 घायल हो गए। इनमें खुशी (13), जसी (36) और अनसी देवी (40) गंभीर घायल हो गए थे। जिनको गुजरात रेफर किया है। अभी तक किसी पक्ष ने थाने में मामला दर्ज नहीं करवाया है।
सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर ट्रैफिक सामान्य कराया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

