• April 29, 2026

बेंगलूरु में मूसलाधार बारिश का कहर: बॉरिंग अस्पताल की दीवार गिरी, 8 लोगों की मौत, 7घायल

PALI SIROHI ONLINE

बेंगलूरु में मूसलाधार बारिश का कहर: बॉरिंग अस्पताल की दीवार गिरी, 8 लोगों की मौत, 7घायल

बेंगलूरु(दलपतसीह भायल)

राजधानी बेंगलूरु में बुधवार शाम हुई मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचा दी। तेज हवाओं और लगातार बारिश के बीच सरकारी बॉरिंग अस्पताल परिसर की एक दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 2 मासूम बच्चे भी शामिल हैं, जबकि 7लोग घायल हो गए। घायलों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार जारी है।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन दल और आपदा प्रबंधन की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाया गया। मलबे को हटाने के लिए जेसीबी और अन्य भारी मशीनों की सहायता ली गई। बचाव दल ने मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।


कर्नाटक के मुख्यमंत्री Siddaramaiah ने घटनास्थल का दौरा कर राहत कार्यों का जायजा लिया। बेंगलूरु पुलिस आयुक्त सीमांत कुमार सिंह भी मौके पर मौजूद रहे और बचाव अभियान की निगरानी करते रहे। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए प्रत्येक मृतक के परिवार को 5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। साथ ही, घायलों के समुचित उपचार और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए।


भारी बारिश के चलते बेंगलूरु के कई इलाकों में पेड़ उखड़कर सड़कों पर गिर गए, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। निचले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। प्रशासन ने नागरिकों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।

You cannot copy content of this page