• April 24, 2026

युवक बोला-मेरी मंगेतर को उसके घरवालों ने बनाया बंधकः शादी करने भागे तो किडनैप किया; पुलिस पर भी आरोप, SP से शिकायत

PALI SIROHI ONLINE

जालोर-जालोर में एक युवक ने एसपी ऑफिस पहुंचकर मंगेतर के किडनैप होने की शिकायत दी। युवक ने कहा कि मंगेतर की शादी उसका परिवार जबरन दूसरी जगह करना चाहता है। घर से भागी तो लड़की को उसके परिवार वाले किडनैप कर के ले गए। युवक ने शुक्रवार को एसपी शैलेंद्र सिंह को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की है।

पीड़ित युवक ओबाराम ने एसपी कार्यालय में दी शिकायत में बताया- मेरी मंगेतर को उसके परिवार वालों ने बंधक बना रखा है। उसकी जान को खतरा है। युवक ने एसपी के अलावा पुलिस महानिदेशक जयपुर और पुलिस महा निरीक्षक जोधपुर को भी ज्ञापन भेजा है।

दूसरी जगह शादी करना चाहते हैं

युवक ने बताया- मेरी सगाई 3 साल पहले एक युवती से हुई थी। सगाई के बाद हम मिलने लगे तो प्रेम-संबंध बन गए। इस बीच लड़की के परिवार वालों ने रिश्ता तोड़कर दूसरी जगह रिश्ता करने की कोशिश की। मेरी मंगेतर और मैं इसके लिए तैयार नहीं थे। इसलिए 20 अप्रैल की रात वह मेरे घर आ गई।

हम दोनों ने जोधपुर जाकर शादी करने का विचार किया और जालोर से निकल गए। मंगेतर के घरवालों ने 3 गाड़ियों से हमारा पीछा किया और हमें रोक लिया। हमें वे जबरन अपने गांव ले गए और 5 घंटे तक बंधक बनाकर रखा। हमें खूब डराया धमकाया।स्थानीय पुलिस से शिकायत की तो उल्टा केस लगाया

इस दौरान मैंने पुलिस कंट्रोल रूम और स्थानीए थाने में भी फोन कर मदद मांगी। लेकिन समय पर कोई मदद नहीं मिली। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन मेरी मंगेतर को मुक्त नहीं कराया। बल्कि मुझे ही शांति भंग की धारा लगाकर थाने ले गए और गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद थाने में मेरे साथ मारपीट की गई।

युवक ने पुलिस से मंगेतर को मुक्त कराने, आरोपियों के खिलाफ अपहरण एवं बंधक बनाने का मामला दर्ज करने, मामले की निष्पक्ष जांच करने, लड़की के बयान दर्ज करने की मांग की है।

You cannot copy content of this page