भीनमाल- पंचों का फरमान, शादी समारोह में सन्नाटा: 2 हजार लोगों के लिए बनाया था खाना, 5 लाख जुर्माने की चेतावनी के कारण लोग नहीं आए
PALI SIROHI ONLINE
भीनमाल |-भीनमाल के एक गांव में पंचों के तुगलकी फरमान के कारण शादी समारोह में सन्नाटा छाया रहा। समारोह में 2 हजार लोगों के लिए खाना बनाया गया था, लेकिन पंचों ने कार्यक्रम में जाने वालों पर 5 लाख रुपए के जुर्माने की चेतावनी दी थी, जिसके कारण कोई भी शादी में नहीं पहुंचा।दो बेटियों और एक बेटी की थी शादी
लड़कियों के पिता ने बताया-उसकी दो बेटियों और एक बेटे की शादी 20 अप्रैल को थी। करीब 2000 लोगों के शामिल होने की व्यवस्था की गई थी। बड़े स्तर पर टेंट, भोजन और बैठने की तैयारियां की गईं। 20 अप्रैल को दोपहर से खाना शुरू होना था। लेकिन समाज के किसी भी व्यक्ति ने समारोह में भाग नहीं लिया।
परिवार का आरोप है कि तीन दिन पहले समाज के पंचों ने तुगलकी फरमान जारी कर उन्हें समाज से बहिष्कृत कर दिया था। साथ ही चेतावनी दी गई थी कि जो भी व्यक्ति इस विवाह में शामिल होगा, उस पर 5 लाख रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा। इस डर के कारण समाज के लोग समारोह से दूर रहे।खाली रही कुर्सियां, कुछ रिश्तेदार ही आए शादी में
आयोजन स्थल पर तैयार भोजन और सजी कुर्सियां खाली पड़ी रहीं। उन्होंने बड़ी उम्मीद के साथ आयोजन किया था, लेकिन अचानक लिए गए इस फैसले से उन्हें भारी आर्थिक और सामाजिक नुकसान उठाना पड़ा। केवल रिश्तेदारों और कुछ गिने-चुने लोग ही समारोह में नजर आए।
परिवार का कहना है कि उन्होंने इस मामले में डीएसपी को कई बार लिखित शिकायत दी, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि 5 पट्टी के पंचों ने मिलकर यह निर्णय सुनाया।
पुलिस ने 4 लोगों को दिए नोटिस
थाना अधिकारी सीआई राजेंद्र सिंह राजपुरोहित ने बताया-पंचों को लेकर शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस ने मामले में चार लोगों को नोटिस जारी कर पाबंद किया है। आगे की कार्रवाई जारी है।
लिव-इन रिलेशनशिप विवाद से शुरू हुआ था मामला
26 अगस्त से परिवार के भतीजे के लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर विवाद शुरू हुआ था। इसी मामले को आधार बनाते हुए पंचायत ने परिवार पर 31 लाख रुपए का जुर्माना लगाया।उसका सहयोग करने और उसको घर बुलाने पर उसके बहनोई पर भी 4 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया। कथित पंचायत ने भतीजे और एक रिश्तेदार को समाज से बहिष्कृत कर हुक्का-पानी बंद करने के आदेश दिए।
