• April 21, 2026

आबूरोड में श्रमिकों ने किया प्रदर्शन: 5 सूत्रीय मांगें रखीं, उग्र आंदोलन की चेतावनी दी

PALI SIROHI ONLINE

आबूरोड शहर के तलहटी स्थित एक इकाई में कार्यरत मजदूरों ने सोमवार को प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन किया। भारतीय मजदूर संघ (BMS) और अरावली मजदूर यूनियन (AMU) की संयुक्त बैठक के बाद श्रमिकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर गहरा रोष व्यक्त किया।

मजदूरों ने रखी पांच मांगे

बैठक में मजदूरों की पांच प्रमुख मांगें सामने रखी गईं। इनमें मॉडर्न को-ऑपरेटिव स्टोर को सुचारू रूप से चालू करना, पार्किंग व्यवस्था में सुधार, “पग टू गुड” का भुगतान न मिलना और 850/1300/1750/2150 वेतन श्रेणी के सभी श्रमिकों को समान रूप से भुगतान देना शामिल है।

नारेबाजी कर किया प्रदर्शन

बैठक के बाद करीब 250 से अधिक मजदूरों ने एकजुट होकर इकाई के मुख्य गेट पर पहुंचकर जोरदार नारेबाजी की और प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान भारतीय मजदूर संघ के जिला व तहसील पदाधिकारी, BMS इकाई के अध्यक्ष व महामंत्री, AMU इकाई के अध्यक्ष व महामंत्री सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

उग्र आंदोलन की चेतावनी दी

मजदूरों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों को शीघ्र पूरा नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इस संबंध में मॉडर्न के मुख्य सुरक्षा अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि 1 मई को मजदूर दिवस आने वाला है, संभवतः इसको लेकर श्रमिकों की बैठक हुई होगी। उन्होंने कहा कि प्रबंधन को लेकर श्रमिकों में ऐसी कोई समस्या नहीं है और न ही उन्हें इसके बारे में कोई जानकारी है।

You cannot copy content of this page