PALI SRIOHI ONLINE
रेवदर, सिरोही। आमजन को डिजिटल पुलिसिंग से जोड़ने के उद्देश्य से रेवदर के मंडार में राजकॉप सिटीजन ऐप को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस विभाग के अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को ऐप की उपयोगिता और इसके विभिन्न फीचर्स के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
घर बैठे E-FIR कर सकेंगे दर्ज
इस मौके पर पुलिस उप अधीक्षक मनोज गुप्ता ने बताया-राजकॉप सिटीजन ऐप के माध्यम से आम नागरिक घर बैठे ई-एफआईआर दर्ज कर सकते हैं, पुलिस हेल्पलाइन नंबर की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और विभिन्न शिकायतें ऑनलाइन दर्ज करा सकते हैं।
महिला सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों और आपातकालीन सहायता सुविधाओं के बारे में भी विस्तार से बताया गया। हेड कॉन्स्टेबल कांतिलाल ने बताया कि यह ऐप आमजन और पुलिस के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम है।
एप के फीचर्स, स्टेटस ट्रैक करने की प्रक्रिया समझाई
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने लोगों के मोबाइल फोन में मौके पर ही ऐप डाउनलोड करवाकर उसका उपयोग करना सिखाया। उपस्थित नागरिकों को इसके फीचर्स जैसे शिकायत दर्ज करना, स्टेटस ट्रैक करना और आपातकालीन सेवाओं का उपयोग करने की प्रक्रिया समझाई गई।
गाड़ियों पर लगाए स्टीकर
जागरूकता बढ़ाने के लिए पुलिस कर्मियों ने वाहनों पर राजकॉप सिटीजन ऐप से संबंधित स्टीकर भी लगाए और अधिक से अधिक लोगों से इसे डाउनलोड करने की अपील की। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और डिजिटल पहल की सराहना की।

