PALI SIROHI ONLINE
सेंदड़ा थाना क्षेत्र में झाड़ली-मानपुरा सरहद स्थित आशीर्वाद होटल के सामने रविवार को दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर मौत हो गई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार हेड कांस्टेबल सुल्तान सिंह ने बताया कि लाडू सिंह (41) पुत्र घीसा सिंह निवासी पातल की डांग धौला दाता, ग्राम पंचायत भेरूखेड़ा बाइक से गांव
की ओर जा रहे थे। सेंदड़ा के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग पर आशीर्वाद होटल के सामने पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि लाडू सिंह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोट लगने से मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सेंदड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मौका मुआयना किया।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ब्यावर स्थित राजकीय अमृत कौर चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा। बताया जा रहा है कि हादसे के तुरंत बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

