PALI SIROHI ONLINE
फालना के औद्योगिक क्षेत्र खुडाला के पास खारेश्वर महादेव मंदिर जादरी के निकट केमिकल युक्त मिट्टी से दो बच्चे झुलस गए। अज्ञात व्यक्ति द्वारा नदी किनारे डाली गई इस मिट्टी के संपर्क में आने से बच्चों के पैर जल गए। परिजनों ने फालना पुलिस थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई है।
यह घटना उस समय हुई जब बच्चे नदी के आसपास खेल रहे थे। बताया जा रहा है कि यह पदार्थ अत्यंत ज्वलनशील है, जिसके कारण वहां कचरा बीनने वाले बच्चों में भी डर का माहौल है। इस केमिकल युक्त मिट्टी से बड़ी जनहानि का खतरा बना हुआ है।
पीड़ित बच्चों के परिजन कृष्णा और अर्जुन गुजराती ने बताया कि उनके बच्चे प्रतिदिन की तरह नदी के पास खेल रहे थे। तभी एक बच्चा अचानक केमिकल युक्त मिट्टी पर चला गया, जिससे उसके दोनों पैर जल गए और खून बहने लगा। बच्चे को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया। इसी तरह एक अन्य युवक के पैर भी इसी मिट्टी से जल गए।
इस घटना के बाद नगर कांग्रेस कमेटी खुडाला फालना के अध्यक्ष हितेश हैप्पी मेवाड़ा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने फालना पुलिस थाना अधिकारी के नाम सहायक उपनिरीक्षक को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में केमिकल युक्त मिट्टी डालने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है।
सहायक उप निरीक्षक दलपत ने बताया कि कुछ लोग युवकों के जलने की जानकारी लेकर थाने पहुंचे थे। उन्होंने ज्वलनशील मिट्टी डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस केमिकल युक्त पाउडर डालने वाले अज्ञात व्यक्ति का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

