PALI SIROHI ONLINE
चामुंडेरी बस स्टैंड पर आवारा सांडों का आतंक, दो सांडों की लड़ाई में दुकान का शेड क्षतिग्रस्त
बाली उपखंड के चामुंडेरी ग्राम में आवारा सांडों के मुख्य बाजार व बस स्टैंड क्षेत्र में खुलेआम विचरण करने से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। आए दिन सांडों की आपसी लड़ाई से जनहानि और संपत्ति नुकसान का खतरा मंडरा रहा है।
आज चामुंडेरी बस स्टैंड पर दो सांड आपस में भिड़ गए। अचानक हुई इस लड़ाई से मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। अपनी सुरक्षा के लिए लोगों को इधर-उधर भागकर जान बचानी पड़ी।
समाज सेवी याकूब मोयला ने बताया कि बस स्टैंड पर सांडों की लड़ाई के दौरान बस स्टैंड स्थित फुलाराम मेघवाल की टायर पंचर की दुकान के आगे बना हुआ शेड भी सांडों की लड़ाई की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि शेड को काफी नुकसान पहुंचा। गनीमत रही कि घटना के समय शेड के नीचे मौजूद लोगो ने भागकर जान बचाई जिससे बड़ा हादसा टल गया।
याकूब मोयला व ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा सांडों को पकड़कर गोशाला में छोड़ने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।

