PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-उदयपुर-पालनपुर फोरलेन पर स्थित स्वरूपगंज थाना क्षेत्र के बनास बांध के पास एक तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर गड्ढे में पलट गई। इस हादसे में कार में सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल एंबुलेंस 108 की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।जानकारी के अनुसार, ये दोनों युवक उदयपुर से अहमदाबाद जा रहे थे। बनास बांध के पास अचानक कार बेकाबू हो गई और सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत एंबुलेंस 108 को सूचना दी।
सूचना मिलते ही एंबुलेंस 108 के पायलट लक्ष्मण सिंह मीणा और मेल नर्स सुनील बिश्नोई घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घायल युवकों को प्राथमिक उपचार दिया और उन्हें स्वरूपगंज के सरकारी अस्पताल पहुंचाया।
घायलों की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें आबूरोड रेफर कर दिया गया। फिलहाल, उनका इलाज आबूरोड में जारी है। घटना की सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गनीमत रही कि कार का एयरबैग खुल गया, जिससे हादसा और अधिक गंभीर होने से टल गया।

