PALI SIROHI ONLINE
आबू रोड, सिरोही -आबू रोड के उप जिला अस्पताल को दो साल बाद भी निर्धारित मापदंडों के अनुरूप दर्जा नहीं मिल पाया है।
विधायक मोतीराम कोली ने इस संबंध में विधानसभा में विशेष उल्लेख प्रस्ताव के जरिए सरकार का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने अस्पताल में स्टाफ और भवन की कमी को लेकर मांग रखी।
सरकार से स्टाफ-भवन की कमी दूर करने की मांग
विधायक कोली ने बताया- रेवदर विधानसभा क्षेत्र के आबू रोड में दो साल पहले उप जिला अस्पताल का दर्जा दिया गया था। हालांकि, आज भी यह अस्पताल निर्धारित मापदंडों के अनुसार स्टाफ और भवन से वंचित है। उन्होंने सरकार से इस ओर ध्यान देने की अपील की।
मोतीराम कोली ने अपने प्रस्ताव में उल्लेख किया कि आबू रोड सिरोही जिले का एक अत्यंत व्यस्त शहर है। यहां रेलवे स्टेशन, हवाई पट्टी और माउंट आबू जैसे पर्यटन स्थल होने के कारण रोजाना लाखों पर्यटक आते-जाते हैं।
क्षेत्रवासियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य से पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में उप जिला अस्पताल स्वीकृत किया गया था, तब आबू रोड शहर के आकराभट्टा स्थित पुराने चिकित्सा भवन में इस उप जिला अस्पताल का संचालन शुरू किया गया था और नए भवन के लिए भूमि चयन की प्रक्रिया भी शुरू की गई थी।इलाज के लिए गुजरात जाने पर मजबूर मरीज- विधायक कोली
विधायक कोली ने कहा- वर्तमान सरकार के दो साल पूरे होने के बावजूद, विभाग न तो नए भवन के लिए जमीन का चयन कर पाया है और न ही उप जिला अस्पताल में डॉक्टर्स के निर्धारित पदों को भर पाया है। परिणामस्वरूप, उप जिला अस्पताल का दर्जा मिलने के बावजूद भी, मरीजों को आज भी इलाज के लिए गुजरात जाने को मजबूर होना पड़ रहा है।
आबू रोड क्षेत्र में बड़ी संख्या में आदिवासी आबादी निवास करती है, जिन्हें बेहतर सुविधाओं के अभाव में निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ता है। यह उप जिला अस्पताल आज भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के स्तर पर ही संचालित हो रहा है।
विधायक ने सरकार से मांग की है कि उप जिला अस्पताल के नए भवन के लिए तत्काल भूमि का चयन कर बजट स्वीकृत किया जाए। साथ ही, निर्धारित मापदंडों के अनुरूप चिकित्सकों के सभी खाली पदों को जल्द भरा जाए।

