PALI SIROHI ONLINE
बाली उपखंड के नाना थाना क्षेत्र के चामुंडेरी ग्राम में स्थित वाघेला समाज की कुलदेवी मंदिर में अज्ञात चोरों द्वारा चोरी की वारदात को अंजाम देने का मामला सामने आया है। इस घटना से ग्रामीणों और समाज के लोगों में रोष और चिंता का माहौल बना हुआ है। जानकारी के अनुसार चोर देर रात मंदिर में घुसे और मंदिर के मुख्य दरवाजे के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया।
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब सुबह पुजारी रोजाना की तरह मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचे। मंदिर का ताला टूटा हुआ और अंदर सामान बिखरा देख पुजारी को चोरी की आशंका हुई। इसके बाद तुरंत मंदिर के व्यवस्थापक और समाज के लोगों को सूचना दी गई, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए।
मंदिर के व्यवस्थापक भवर सिंह वाघेला ने नाना थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाते हुए बताया कि अज्ञात चोर मंदिर से चांदी के दो कीमती झूमर चोरी कर ले गए। चोरी की इस घटना से वाघेला समाज में आक्रोश व्याप्त है और लोगों ने जल्द से जल्द चोरों को पकड़ने की मांग की है।
सूचना मिलने पर नाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मौका मुआयना किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है और चोरी की इस वारदात का जल्द खुलासा करने का आश्वासन दिया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मंदिरों की सुरक्षा बढ़ाने और क्षेत्र में रात्रि गश्त तेज करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।

