PALI SIROHI ONLINE
चामुंडेरी के निकट भूतेश्वर महादेव मंदिर में उमड़ी आस्था, महाशिवरात्रि पर श्रद्धालुओं का सैलाब
बाली उपखंड के चामुंडेरी ग्राम के निकट घने जंगल क्षेत्र में गोचर व वन विभाग की सीमा पर स्थित चारों ओर पहाड़ियों से घिरा भूतेश्वर महादेव मंदिर अपनी चमत्कारिक मान्यताओं और गहरी आस्था के लिए दूर-दूर तक प्रसिद्ध है। प्राकृतिक सौंदर्य से आच्छादित यह मंदिर श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक केंद्र बना हुआ है।
स्थानीय मान्यताओं के अनुसार भीषण अकाल के समय भी यहां पानी की कमी नहीं होती। मंदिर के समीप स्थित एक वेरी में कुछ ही फीट खुदाई करने पर जल निकल आता है, जिसे श्रद्धालु भगवान शिव की कृपा का प्रतीक मानते हैं। यही कारण है कि क्षेत्रवासियों में इस स्थान के प्रति विशेष श्रद्धा देखने को मिलती है।
मंदिर के चारों ओर पहाड़ियों में भालू, चीता, लोमड़ी सहित अन्य जंगली जीव विचरण करते हैं, वहीं मंदिर प्रांगण में गाय, खरगोश, घोड़े, मोर और साधु-संत निवास करते हैं। आश्चर्य की बात यह है कि अब तक किसी जंगली जानवर द्वारा किसी को नुकसान पहुंचाने की घटना सामने नहीं आई है। श्रद्धालु इसे भी भगवान शिव के आशीर्वाद से जोड़कर देखते हैं।
महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आज बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए मंदिर पहुंच रहे हैं। मंदिर परिसर में दिनभर भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्थानीय कलाकार शिव भक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियां देंगे। पूरा क्षेत्र “हर-हर महादेव” के जयघोष से गुंजायमान है।
इसके साथ ही मंदिर परिसर में असहाय, अंधी, विकलांग एवं बीमार गायों के उपचार के लिए गौशाला भी संचालित की जा रही है, जहां निरंतर सेवा कार्य जारी है। ग्रामीणों और श्रद्धालुओं के सहयोग से यह मंदिर आस्था, सेवा और चमत्कार का संगम बन गया है।

