PALI SIROHI ONLINE
सिरोही। नासिक-मुंबई हाईवे पर शुक्रवार रात करीब 1:30 बजे
सिरोही-जालोर सांसद लुम्बाराम चौधरी की रेंज रोवर कार में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि ड्राइवर की सतर्कता के चलते सांसद सहित कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल गए। हादसे में कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
जानकारी के अनुसार सांसद वाशिम से त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए जा रहे थे। वे रेंज रोवर कार (एमएच 01 डीके 9975) में यात्रा कर रहे थे, जिसे शाहपुर निवासी अनिल जाधव चला रहा था।
नासिक के पास गोंडे फाटा क्षेत्र से गुजरते समय ड्राइवर को वाहन से जलने की गंध आई। उसने तुरंत कार को सड़क किनारे रोक दिया।
कार रोकते ही आग की लपटें दिखाई देने लगीं। स्थिति भांपते हुए सांसद और अन्य यात्री तुरंत वाहन से बाहर निकल गए। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी कार जल गई। वाहन का केवल ढांचा ही शेष रह गया।
घटना की सूचना मिलते ही वाडिवे थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी, जिसके बाद दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।
घटना के चलते हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। प्राथमिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

