PALI SIROHI ONLINE
पाली से रेफर 75 साल की मरीज को जोधपुर ले जा रही 108 एम्बुलेंस बीच रास्ते हाईवे पर रखे डाईवर्जन बोर्ड से टकरा गई। हादसे में मरीज, नर्सिंगकर्मी सहित एम्बुलेंस में सवार 5 लोग घायल हो गए। जिनमें से मरीज और उसके बेटे को जोधपुर के हॉस्पिटल में भर्ती किया गया।
75 साल की बुजुर्ग को लेकर जा रही थी एम्बुलेंस
पाली शहर के इंद्रा कॉलोनी रहने वाली 75 साल की फईमन बानो बीपी-शुगर की मरीज है। तबीयत ज्यादा बिगड़ने से उसे पाली के बांगड़ हॉस्पिटल से बुधवार को जोधपुर रेफर किया गया। 108 एम्बुलेंस में मरीज फईमन बानो, उसका 35 साल का भतीजा रिजवान अली, 50 साल का बेटा अब्दुल लतीफ और 25 साल की बेटी मदीना सहित नर्सिंगकर्मी सवार थे।
डाइवर्जन बोर्ड से टकराई
एम्बुलेंस पाली से रवाना होकर हाईवे पर रोहट क्षेत्र के रेडियो नदी तक पहुंची। जहां चल रहे निर्माण कार्य के चलते सड़क पर डाइवर्जन का बोर्ड रखा हुआ था। इस दौरान गाड़ी बोर्ड से टकरा गई। ड्राइवर ने अचानक ब्रेक भी लगाए। जिससे एम्बुलेंस में सवार लोग एक-दूसरे पर गिर गए। हादसे में 75 साल की मरीज फईमन का एक हाथ फ्रैक्चर हो गया। उसके बेटे अब्दुल लतीफ का पैर फ्रैक्चर हो गया। वहीं रिजवान और मदीना को भी चोटें आई। नर्सिंगककर्मी के चेहरे पर चोटें आई हैं।
मां-बेटे का इलाज जारी
सभी को निजी वाहनों से रोहट हॉस्पिटल लाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर भेजा गया। नर्सिंगकर्मी को रोहट हॉस्पिटल में उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। बाद में अन्य वाहन से मरीज और उसके घायल परिजनों को जोधपुर भेजा गया। जहां 75 साल की फईमन बानो और उसके 50 साल के बेटे अब्दुल लतीफ को भर्ती किया गया। परिजन असद अंसारी का आरोप है कि हादसे के बाद एम्बुलेंस ड्राइवर फरार हो गया।
