PALI SIROHI ONLINE
जोधपुर-रेल यात्रियों के लिए जोधपुर मंडल से दो अहम अपडेट सामने आए हैं। तकनीकी कारणों से आंशिक रूप से रद्द चल रही जोधपुर-गांधीधाम सुपरफास्ट ट्रेन शुक्रवार से फिर से पटरी पर लौटेगी। वहीं, बीकानेर-मेड़ता रोड रेलखंड पर ब्लॉक के चलते बीकानेर-मदुरै साप्ताहिक ट्रेन के समय में बदलाव किया गया है। यात्रियों से यात्रा से पहले संशोधित समय की जानकारी लेने की अपील की गई है।
जोधपुर मंडल डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि रेलवे प्रशासन तकनीकी कार्यों को पूर्ण कर सुगम रेल संचालन सुनिश्चित कर रहा है।
जोधपुर-गांधीधाम सुपरफास्ट पुनः पूर्ववत संचालित
पश्चिम रेलवे पर तकनीकी कार्य के कारण पिछले तीन ट्रिप से भीलड़ी और गांधीधाम के बीच आंशिक रूप से रद्द रहने वाली जोधपुर-गांधीधाम-जोधपुर सुपरफास्ट ट्रेन शुक्रवार से अपने गंतव्य तक संचालित होगी।
कारणः गांधीधाम-भुज रेलखंड पर गांधीधाम ब्लॉक केबिन और आदिपुर स्टेशनों के बीच तकनीकी कार्य के चलते यह ट्रेन भीलड़ी तक ही चल रही थी।
बहाली: यह ट्रेन शुक्रवार से जोधपुर से गांधीधाम के लिए पूरी दूरी तय करेगी।
वापसी: शनिवार, 14 फरवरी से ट्रेन संख्या 22484 गांधीधाम से जोधपुर के बीच पुनः पूर्ववत संचालित की जाएगी।
बीकानेर-मदुरै एक्सप्रेस के समय में बदलाव
बीकानेर-मेड़ता रोड रेलखंड पर आवश्यक तकनीकी कार्यों हेतु ब्लॉक लिया जा रहा है, जिससे बीकानेर-मदुरै एसी सुपरफास्ट का संचालन प्रभावित होगा।
डीआरएम त्रिपाठी के अनुसार, खजवाना-मारवाड़ मूंडवा और नागौर-बदवासी स्टेशनों के मध्य होने वाले इस कार्य के कारण रेल यातायात रेगुलेट किया जाएगा।
प्रभावित ट्रेनः ट्रेन संख्या 22632, बीकानेर-मदुरै साप्ताहिक एक्सप्रेस।
अवधिः यह बदलाव 15 से 25 फरवरी के बीच पड़ने वाले दो ट्रिप (प्रत्येक रविवार) के लिए प्रभावी रहेगा।
नया समयः यह ट्रेन बीकानेर से अपने निर्धारित समय दोपहर 3:30 बजे के बजाय डेढ़ घंटे की देरी से रवाना होगी।

