PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान, अजमेर की ओर से कक्षा 10वीं व 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 12 फरवरी से शुरू होंगी। परीक्षा व्यवस्थाओं को लेकर शिक्षा विभाग ने बुधवार को तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया। जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर रोल नंबर अनुसार बैठक व्यवस्था कर दी गई है।
अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी ईश्वरलाल पुरोहित ने बताया कि पहले दिन 10वीं कक्षा की अंग्रेजी तथा 12वीं की मनोविज्ञान विषय की परीक्षा होगी। जिले में कुल 77 परीक्षा केंद्रों पर 28,464 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक आयोजित होगी। बोर्ड के निर्देशानुसार बिना प्रवेश पत्र किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। प्रवेश पत्र के साथ स्कूल आईडी या आधार कार्ड लाना अनिवार्य रहेगा। जिन केंद्रों पर संबंधित संकाय की परीक्षा होगी, वहां उस दिन पड़ोसी विद्यालयों के शिक्षकों की वीक्षक के रूप में ड्यूटी लगाई गई है। केंद्राधीक्षकों ने शिक्षकों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। 16 पुलिस थानों में रखवाए प्रश्न – पत्र : परीक्षा के लिए 17 पेपर कोऑर्डिनेटर नियुक्त किए गए हैं। प्रश्न पत्र जिले के 16 पुलिस थानों में डबल लॉक व्यवस्था के तहत सुरक्षित रखे गए हैं।
परीक्षा के दिन ही प्रश्न पत्र संबंधित केंद्रों पर पहुंचाए जाएंगे। मनादर और भावरी केंद्रों सहित सिलदर, सनपुर व निंबज स्कूल के प्रश्न पत्र जालोर जिले के जसवंतपुरा थाने में सुरक्षितरखे गए हैं। शिक्षा विभाग ने परीक्षा के निष्पक्ष और शांतिपूर्ण संचालन के लिए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का दावा किया है। जिला मुख्यालय स्थित राजकीय महात्मा गांधी पुराना भवन स्कूल को उत्तर पुस्तिकाओं के संग्रहण केंद्र के रूप में निर्धारित किया गया है। वहीं पीएमश्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, सिरोही को मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है। परीक्षा की निगरानी के लिए तीन उड़न दस्ता दल गठित किए गए हैं एक अजमेर बोर्ड स्तर, एक जिला स्तर और एक ब्लॉक स्तर का।
जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) कार्यालय में कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। इस वर्ष जिले में दो नए परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मनादर और भावरी को पहली बार परीक्षा केंद्र बनाया गया है। वहीं पिंडवाड़ा ब्लॉक के सरूपगंज राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के जर्जर भवन के कारण वहां का केंद्र निरस्त कर दिया गया है। प्रश्न पत्र खोलते समय विषय नाम और प्रविष्टियों की जांच खिड़की से की जाएगी। इस दौरान केंद्राधीक्षक, अतिरिक्त केंद्राधीक्षक, दो वीक्षक और दो परीक्षार्थियों के हस्ताक्षर अनिवार्य होंगे। इसके बाद ही पैकेट खोले जाएंगे। वितरण से पूर्व प्रश्न पत्रों की दोबारा जांच की जाएगी। अनुपस्थित परीक्षार्थियों के प्रश्न पत्र नामांकन अंकित कर सील किए जाएंगे।
