PALI SIROHI ONLINE
बांसवाड़ा-सोशल मीडिया पर खुद को IPS अधिकारी बताकर युवती को प्रेम जाल में फंसाया, शादी रचाई और फिर पत्नी के डॉक्युमेंट से बैंक से 19 लाख रुपए का लोन लेकर फरार हो गया। पुलिस से बचने के लिए आरोपी डेढ़ साल तक नाम और ठिकाने बदलता रहा। आखिरकार मध्यप्रदेश में पहचान छुपाकर ट्रांसपोर्ट का काम कर रहे इस शातिर ठग को बांसवाड़ा साइबर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
फेसबुक से शुरू हुआ रिश्ता, शादी के बाद निकला ठग
साइबर थाना प्रभारी हरिओम ने बताया आरोपी अक्षत राज कोठारी ने फेसबुक के जरिए पीड़िता से संपर्क किया था। उसने खुद को IPS अधिकारी बताकर भरोसा जीता और प्रेम संबंध बनाए। कुछ समय बाद दोनों की मुलाकात हुई और आरोपी ने शादी कर ली। शादी के बाद उसने पत्नी के दस्तावेजों का दुरुपयोग करते हुए बैंक से 19 लाख रुपए का लोन लिया और रकम लेकर फरार हो गया।10 हजार का इनामी, डेढ़ साल से पुलिस को दे रहा था चकमा
थाना प्रभारी हरिओम के अनुसार, आरोपी के खिलाफ साल 2024 में धोखाधड़ी की धारा 420 और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह पिछले डेढ़ साल से लगातार नाम और ठिकाने बदल रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया गया था।
डिजिटल फुटप्रिंट से पकड़ा गया, इंदौर में दी दबिश
थाना प्रभारी हरिओम ने बताया- साइबर टीम ने डिजिटल फुटप्रिंट (इंटरनेट का उपयोग करते समय द्वारा छोड़े गए डेटा के निशानों का एक रिकॉर्ड) के आधार पर आरोपी की जानकारी जुटाई। लोकेशन ट्रैक करते हुए मध्यप्रदेश के इंदौर शहर के राजेंद्र नगर इलाके में दबिश देकर आरोपी को डिटेन किया। आरोपी पहचान छुपाकर ट्रांसपोर्ट का काम कर रहा था।पहले से दर्ज हैं 19 मुकदमे
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से ही करीब 19 आपराधिक मामले दर्ज हैं। साइबर थाना पुलिस अब अन्य जिलों और थानों से उसका आपराधिक रिकॉर्ड मंगवा रही है, ताकि उसकी ठगी से जुड़ी अन्य वारदातों का भी खुलासा किया जा सके।
