PALI SIROHI ONLINE
रेवदर-रेवदर में बुधवार को सिरोड़ी ग्राम पंचायत क्षेत्र के ग्रामीणों ने पेयजल संकट के विरोध में कांडला हाइवे जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। महिलाएं खाली मटके लेकर हाइवे पर बैठ गईं और सरकार व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर अपनी नाराजगी व्यक्त की।
गांव वाले बोले-लंबे समय से पेयजल आपूर्ति बाधित
ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से पेयजल आपूर्ति बाधित है, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समाधान न होने पर उन्होंने यह कदम उठाया।
पुलिस ने की समझाइश
हाइवे जाम की सूचना मिलते ही अनादरा पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ मनोज गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस बल ने ग्रामीणों से समझाइश की। पुलिस व प्रशासन की समझाइश के बाद हाइवे पर यातायात बहाल हो सका।
पंचायत परिसर में हुए इकठ्ठा
हाइवे खुलने के बाद ग्रामीण ग्राम पंचायत परिसर में एकत्र हुए और वहां भी प्रदर्शन जारी रखा। इस दौरान जलदाय विभाग के एईएन गोविंद लाल मीणा मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता की। ग्रामीणों ने तत्काल पेयजल आपूर्ति सुचारु करने तथा जलदाय विभाग के कार्मिक दलपत सिंह और छोगाराम मेघवाल की जगह अन्य कर्मचारियों को लगाने की मांग की।
दो दिन में व्यवस्था सुधारने का आश्वासन
अधिकारियों द्वारा दो दिन में पेयजल व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिए जाने के बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त किया। इस दौरान एसआई चुन्नीलाल, एएसआई ताराराम, पटवारी रवेचीदान, शैतान सिंह सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे।
