PALI SIROHI ONLINE
दूदनी में बढ़ती चोरियों पर नकेल: नाणा पुलिस और ग्रामीणों की संयुक्त गश्त ने 7 संदिग्धों को दबोचा
बाली। पाली जिले के बाली उपखंड के दूदनी गांव में पिछले कुछ समय से बढ़ती चोरियों की घटनाओं ने ग्रामीणों की नींद उड़ा रखी थी। इन वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए नाणा पुलिस और ग्रामीणों द्वारा गठित संयुक्त गश्त दल को आज एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गश्त के दौरान दूदनी ग्राम स्थित शराब के ठेके पर दबिश देकर 7 संदिग्ध युवकों को पकड़ा गया है।
शराब के ठेके पर चल रही थी पार्टी, पास मिली बाइक
जानकारी के अनुसार, नाणा थानाधिकारी रतन सिंह देवड़ा के नेतृत्व में पुलिस और ग्रामीणों की टीम इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान गांव के शराब ठेके पर 7 युवक संदिग्ध अवस्था में शराब पीते पाए गए। उनके पास एक बाइक भी खड़ी थी। संयुक्त दल ने जब उनसे पूछताछ की, तो युवक घबरा गए और कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए।
थैली में मिले जेवरात, पुलिस कर रही गहन पूछताछ
संदेह होने पर जब पुलिस ने युवकों की तलाशी ली, तो उनके पास मौजूद एक थैली में ज्वेलरी बरामद हुई। हालांकि, प्राथमिक दृष्टि में यह आभूषण ‘इमिटेशन’ (नकली) प्रतीत हो रहे हैं। जिसका खुलाशा जांच में होगा। थानाधिकारी रतन सिंह देवड़ा ने बताया कि पकड़े गए युवक पूछताछ में लगातार अपने बयान बदल रहे हैं। पुलिस अलग-अलग तरीके से उनसे सच उगलवाने में जुटी है। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही क्षेत्र में हुई चोरियों का बड़ा खुलासा हो सकता है।
वारदात कबूली तो बढ़ेगी जांच का दायरा
पुलिस के अनुसार, यदि आरोपी किसी वारदात को स्वीकार करते हैं, तो बरामद माल की बारीकी से जांच करवाई जाएगी। साथ ही, पड़ोसी थानों को भी इसकी सूचना दी जाएगी ताकि अन्य लंबित मामलों की कड़ियां जोड़ी जा सकें।






