PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली में शनिवार की रात 2 बच्चों की मां की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। पीहर पक्ष की ओर से हत्या की आशंका जताते हुए गुड़ा एंदला थाने में रिपोर्ट दी गई। परिजन पोस्टमॉर्टम के लिए राजी नहीं हुए, ऐसे में बॉडी बांगड़ हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाई गई है।
गुड़ा एंदला थाने के ASI समुंद्रसिंह ने बताया- थाना क्षेत्र के काणदरा गांव निवासी नीलम कंवर (30) पत्नी अमरसिंह को शनिवार रात को बांगड़ हॉस्पिटल से प्राथमिक इलाज के बाद जोधपुर रेफर किया गया था। लेकिन बीच रास्ते उसकी मौत हो गई।
घटना को लेकर मृतका के भाई जोधपुर जिले के भासरणा गांव (लूणी) निवासी भरतसिंह पुत्र जोगसिंह ने रिपोर्ट दी। इसमें आरोप लगाया कि 31 जनवरी को उसकी बहन नीलम कंवर को उसके पति अमरसिंह, सास सहित अन्य लोगों ने जहर दे दिया। इसके उसकी तबीयत बिगड़ गई।
सूचन मिलने पर शनिवार को वे भी पाली के बांगड़ हॉस्पिटल पहुंचे, जहां से रात को हालत गंभीर होने पर उसे जोधपुर रेफर किया गया। लेकिन बीच रास्ते में उसकी मौत हो गई।
रिपोर्ट में आरोप लगाया कि नीलम कंवर को उसका पति अमरसिंह व ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए परेशान करते थे। इसके चलते वह 8 महीने पीहर में भी अपने दो बच्चों को लेकर रही। बाद में समझाइश कर उसे ससुराल भेजा, लेकिन 31 जनवरी को उसके पति और ससुराल के अन्य लोगों ने उससे मारपीट की और जहर दे दिया, इससे उसकी मौत हो गई।
गुड़ा एंदला थाने के ASI समुंद्रसिंह ने बताया- मामला दर्ज कर लिया है। मृतका के परिजनों से समझाइश जारी है। संभवत सोमवार को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करवाएंगे।
करीब 13 साल पहले हुई थी शादी
मृतका नीलम की सामाजिक रीति-रिवाज अनुसार करीब 13 साल पहले अमरसिंह से शादी हुई थी। शादी के बाद दो बच्चे हुए। एक 13 साल का तो दूसरा पांच साल का है।

