PALI SIROHI ONLINE
जालोर। जालोर के मांडोली में गणपत सिंह के हत्यारों को पकड़ने की मांग को लेकर पत्नी भारती कंवर ने धरने पर बैठने की चेतावनी दी है। जालोर SPक शैलेन्द्र सिंह को ज्ञापन सौंपते हुए पुलिस पर मामले में ढिलाई बरतने का आरोप लगाया और जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता ने बताया कि 28 अगस्त 2024 को उनके पति गणपत सिंह की हत्या कर दी गई थी। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, लेकिन 17 महीने बीत जाने के बावजूद अब तक न तो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई और न ही मामले का खुलासा हो पाया। इससे उन्हें और उनके परिवार को न्याय के लिए भटकना पड़ रहा है।
कलेक्टर, एसपी से लेकर सांसद तक लगा चुकी हैं गुहार
भारती कंवर ने बताया कि न्याय की मांग को लेकर वे कई बार कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और अन्य संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंप चुकी हैं। इसके साथ ही रामसीन थाना स्तर से लेकर जिला मुख्यालय तक कई बार धरना-प्रदर्शन भी किया गया।
17 नवंबर को जिला कलेक्ट्रेट के सामने भूख हड़ताल पर बैठे थे। 9 दिन बाद कार्रवाई के आश्वासन पर धरने को खत्म कर दिया गया था।
पीड़िता के अनुसार, आंदोलन के दौरान सांसद लुंबाराम चौधरी, जिला कलेक्टर डॉ. प्रदीप के गवांडे और एसपी शैलेन्द्र सिंह की ओर से जल्द मामले का खुलासा करने का आश्वासन दिया गया था। उस समय परिजन और राजपूत समाज की ओर से प्रशासन को दो महीने का अल्टीमेटम भी दिया गया था, लेकिन वह समय सीमा भी पूरी हो चुकी है और अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
संदिग्ध हिरासत में लिए, फिर छोड़ दिए गए
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि जांच के शुरुआती दौर में तत्कालीन जांच अधिकारी ने तीन संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया था, लेकिन बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। इसके बाद से मामले की जांच ठप पड़ गई और पुलिस की कार्रवाई केवल कागजों तक सीमित रह गई।
धरने के अलावा नहीं बचा कोई रास्ता
पीड़िता भारती कंवर ने आरोप लगाया कि अब उनके पास धरने पर बैठने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपील की है कि उनके पति के हत्यारों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि उन्हें बार-बार आंदोलन और धरना-प्रदर्शन का सहारा न लेना पड़े।

