PALI SIROHI ONLINE
बाली उपखंड के बेडा ग्राम में क्षत्रिय सरगरा शिक्षा समिति बारी परगना के तत्वावधान में जोधपुर संभाग का प्रथम प्रतिभावान सम्मान सम्मेलन आयोजित किया गया। यह सम्मेलन समाज के शैक्षणिक एवं सामाजिक इतिहास में एक नई शुरुआत के रूप में दर्ज हुआ। कार्यक्रम में लगभग 2000 समाजबंधुओं की उल्लेखनीय सहभागिता रही।
सम्मेलन में 253 प्रतिभावान विद्यार्थियों एवं 21 नव नियुक्त कार्मिकों का सम्मान किया गया।
आयोजन ने समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता और प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का सशक्त संदेश दिया।
कार्यक्रम में श्री श्री 1008 रामनाथ जी महाराज, खंन्द्ररा की गरिमामयी उपस्थिति विशेष आकर्षण रही। उनके आशीर्वचनों से वातावरण आध्यात्मिक एवं प्रेरणादायी बना।
सम्मेलन के मुख्य अतिथि राज्य मंत्री ओटाराम देवासी रहे। विशिष्ट अतिथियों में अखिल भारतीय सरगरा समाज अध्यक्ष बाबूलाल आर्य, राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष संजय पढ़ियार, राजेश भाटी, तहसीलदार रमेश वर्मा, राजेंद्र गिरी महाराज, प्रधान करेड़ा, गजरा भारती काम्बेश्वर, निर्भय नाथ (हनुमान टेकरी) सहित अनेक संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि एवं समाज के वरिष्ठजन मंचासीन रहे।
मुख्य अतिथि राज्य मंत्री ओटाराम देवासी ने अपने संबोधन में कहा कि जोधपुर संभाग स्तर पर आयोजित यह पहला सम्मेलन समाज के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के बिना न वर्तमान सुरक्षित है और न भविष्य उज्ज्वल। शिक्षा ही समाज को आत्मनिर्भर और प्रगतिशील बनाती है।
आज की सबसे बड़ी लड़ाई शिक्षा की – संजय पढ़ियार
राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष संजय पढ़ियार ने कहा कि पहले समय में युद्ध रणभूमि में लड़े जाते थे, आज शिक्षा ही सबसे बड़ा हथियार है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया और कहा कि शिक्षा से ही हर मुकाम हासिल किया जा सकता है।
प्रतिभाओं का सम्मान, समाज को नई दिशा मिलेगी
सम्मेलन में जब मंच से प्रतिभावान विद्यार्थियों और नव नियुक्त कार्मिकों का सम्मान किया गया तो पंडाल तालियों से गूंज उठा। सम्मान से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ा और समाज में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा का वातावरण बना।

