PALI SIROHI ONLINE
बाली-सादड़ी के बारली सादड़ी क्षेत्र स्थित जेठा नाई की गली में एक सूने मकान में चोरी की वारदात हुई है। चोर 25 लाख रुपए से अधिक की नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चुरा लिए। बदमाश कार में आए थे और सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं।
सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने गया था परिवार
पीड़िता शोभा प्रजापत पत्नी मोहनलाल प्रजापत ने पुलिस को बताया कि वह अपने पुत्र के साथ रहती हैं। 20 जनवरी को वह एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने सेसली गई हुई थीं, जिस कारण मकान पर ताला लगा हुआ था। अगले दिन सुबह पड़ोसियों ने उन्हें मकान का मुख्य दरवाजा खुला होने की सूचना दी।
सूचना मिलते ही शोभा प्रजापत तुरंत सादड़ी पहुंचीं। उन्होंने देखा कि मकान के दरवाजे के ताले और कुंदे टूटे हुए थे तथा घर का सामान बिखरा पड़ा था। अंदर अलमारी में रखे सोने-चांदी के कीमती आभूषण और नकद राशि गायब थी।
जेवर और नकदी ले गए चोर
चोरी हुए आभूषणों में सोने का मंगलसूत्र, हार सेट, कंठी, तीन सोने की चेन, चार अंगूठियां और कानों की जोड़ियां शामिल हैं। इसके अलावा, बड़ी मात्रा में चांदी के आभूषण और अलमारी में रखी नकद राशि भी चोर ले गए।
पीड़िता ने यह भी बताया कि उनकी जेठानी जेठीबाई पत्नी कपूरजी के आभूषण और नकद राशि भी सुरक्षित रखने के लिए उसी मकान में रखे हुए थे। चोर डिब्बे सहित उन सभी सामानों को भी चुरा ले गए, जिसमें सोने की चेनें, चांदी के आभूषण और नकद राशि शामिल थी।
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी
घटना की सूचना मिलने पर सादड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

