PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली में एक फैक्ट्री में अज्ञात कारण से आग लग गई। हादसे में अडान पर सूख रहे करीब 300 कपड़े के थान जल गए। मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया। वर्ना नुकसान और बढ़ जाता।
जानकारी के अनुसार घटना मंगलवार दोपहर को पाली शहर के पूनायता औद्योगिक क्षेत्र में नगमा ब्लीचिंग फैक्ट्री में हुई। आग लगने से फैक्ट्री परिसर में सूख रहे कपड़े के करीब 300 थान जलकर राख हो गए। घटना के समय फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत रीको कार्यालय में सूचना देकर फायर ब्रिगेड की गाड़ी बुलाई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कपड़े का भारी नुकसान हो चुका था।
फैक्ट्री मालिक अली ने बताया कि पारिवारिक कार्य के चलते वे फैक्ट्री से बाहर थे। स्टाफ ने फोन कर आग लगने की सूचना दी। कर्मचारियों ने स्वयं पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, साथ ही फायर ब्रिगेड को बुलाया गया।
आशंका जताई जा रही है कि फैक्ट्री के बॉयलर से निकली चिंगारी के कारण आग लगी होगी, क्योंकि जिस स्थान पर आग लगी वहां न तो बिजली के तार थे और न ही कोई अन्य ज्वलनशील सामग्री मौजूद थी।
