PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-माउंट आबू की नक्की झील में नौकायन के दौरान एक पर्यटक का पैर फिसल गया और वह झील में गिर गया। बोट हाउस के कर्मचारियों और वहां मौजूद लोगों की सतर्कता से पर्यटक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
यह घटना तब हुई जब गुजरात से आया एक पर्यटक परिवार के साथ नक्की झील में बोटिंग के लिए पहुंचा था। बोट में सवार होते समय जल्दबाजी के कारण सीढ़ियों पर उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा।
बोट हाउस के कर्मचारियों की सख्ती के कारण सभी पर्यटक लाइफ जैकेट पहनकर ही बोट में सवार होते हैं। इस पर्यटक ने भी लाइफ जैकेट पहन रखी थी, जिसके कारण वह पानी में तैरता रहा। वहां मौजूद कुछ लोगों ने कर्मचारियों की मदद से उसे तुरंत बाहर निकाला।
बोट हाउस के प्रबंधन ने बताया कि लाइफ जैकेट के बिना किसी को भी झील में जाने की अनुमति नहीं दी जाती है। सुरक्षा के लिए वहां गोताखोर भी मौजूद रहते हैं। पर्यटकों को झील के बीच में बोट होने पर पानी में हाथ डालने या किसी भी तरह की शरारत करने से मना किया जाता है, ताकि किसी की जान को खतरा न हो।

