• April 15, 2026

नाना के जूना बेड़ा के रोनवाड़ा में आग से जला केलुपोश मकान, बाइक जेवर घरेलू सामान अनाज जला

PALI SIROHI ONLINE

नाणा थाना क्षेत्र के जूना बेड़ा के पास रोणवाड़ा रोड स्थित एक कच्चे मकान में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि चेलाराम पुत्र भेराराम गरासिया का पूरा मकान जलकर राख हो गया। घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल भी आग की चपेट में आकर नष्ट हो गई, वहीं घरेलू सामान, अनाज और जेवरात भी पूरी तरह जल गए।

घटना के समय परिवार बेड़ा में था। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। ग्रामीणों के साथ बेड़ा चौकी प्रभारी तेज सिंह जोधा ने मौके पर पहुंचकर रेत और पानी की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, हालांकि तब तक सब कुछ नष्ट हो चुका था।

गनीमत रही कि आग आसपास के अन्य मकानों तक नहीं फैली, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। घटना में घर में रखा गेहूं, राशन सहित अन्य जरूरी सामान जलने से परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों में अभी भी आग सुलग रही है, जिससे खतरा बना हुआ है। उन्होंने प्रशासन से मौके पर पहुंचकर जायजा लेने और प्रभावित परिवार को उचित सहायता देने की मांग की है।

You cannot copy content of this page