PALI SIROHI ONLINE
ग्राम पंचायत आकोली के नवीन भवन का विधायक छगनसिंह राजपुरोहित के कर-कमलों से उद्घाटन
आकोली (दलपतसिंह भायल)
ग्राम पंचायत आकोली के नवीन एवं जीर्णोद्धारित पंचायत भवन का उद्घाटन आहोर विधायक श्री छगनसिंह राजपुरोहित के कर-कमलों द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही।
संघ के मीडिया प्रभारी पूरणसिंह काबावत ने जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व में ग्राम पंचायत भवन गांव के एक छोर पर स्थित था तथा स्थान की कमी के कारण आमजन को विभिन्न कार्यों के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। भवन की जर्जर अवस्था को देखते हुए लंबे समय से इसके जीर्णोद्धार की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसे अब पूर्ण कर लिया गया है।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक छगनसिंह राजपुरोहित ने कहा कि पुराने पंचायत भवन के जीर्णोद्धार के बाद नई पंचायत की लोकेशन अत्यंत उपयुक्त हो गई है। अब गांव का प्रत्येक नागरिक पंचायत भवन के सामने से होकर गुजरेगा, जिससे पंचायत से जुड़े कार्यों में लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
विधायक ने आकोली गांव को क्षेत्र का आदर्श गांव बताते हुए कहा कि यहां एक ही स्थान पर सुंदर बस स्टैंड, विजय द्वार (भामाशाह ऊकचन्द जैन द्वारा निर्मित), भव्य राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल (भामाशाह जितेन्द्र जैन द्वारा निर्मित) मौजूद हैं। साथ ही सड़क पर ही चिकित्सालय एवं पशु चिकित्सालय का निर्माण भी प्रस्तावित है।
उन्होंने कहा कि बस स्टैंड के एक ओर न्याय के प्रतीक चक्रवर्ती सम्राट वीर विक्रमादित्य परमार की घोड़े पर सवार भव्य प्रतिमा तथा दूसरी ओर स्वाभिमान और शौर्य के प्रतीक वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की घोड़े पर सवार प्रतिमा गांव की गौरवगाथा को जीवंत कर रही है। ऐसे महापुरुषों से प्रेरणा लेकर गांव के लोगों में उनके गुण अवश्य विकसित होंगे। ऐसे गौरवशाली गांव में निवास करना वे अपना सौभाग्य मानते हैं।
इस अवसर पर सरपंच चोपाराम देवासी, ग्राम सेवक पारसमल मेघवाल, उपाध्यक्ष भैरूसिंह चौहान, रमेश देवासी, खंगारसिंह काबावत, त्रिभुवनसिंह काबावत, जोगसिंह राजपुरोहित (आडवाडा), नारायणसिंह बिबलसर, लाखसिंह सोलंकी, पूर्व बीडीओ डुगरसिंह काबावत, पप्पुसिंह काबावत, पृथ्वीसिंह काबावत, फुंसाराम लुहार, जबरसिंह भायल, भीखसिंह परिहार, राजेन्द्रसिंह राठौड़, ईश्वरसिंह राठौड़, मंगलसिंह चौहान, मोटाराम घांची, जगदीश सुथार, देलदरी सुजाराम देवासी, रूपाराम मेघवाल, हजाराम मेघवाल, प्रतापाराम मेघवाल सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन ग्रामीण विकास और जनसुविधाओं को और सुदृढ़ करने के संकल्प के साथ हुआ।

