PALI SIROHI ONLINE
जालोर-जालोर में गुरुवार को सिरे मंदिर रोड स्थित न्यू बेस्ट बैकरी से 263 किलो मैदा जब्त किया गया। बैकरी से पाव बनाने में उपयोग हो रहे मैदा व तेल के नमूने जांच के लिए भी भेजे गए।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण अधिकारी, जिला कलेक्टर डॉ. प्रदीप के. गावंडे और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. भैराराम जाणी के निर्देशन में जिले में शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारी हनवंत सिंह ने गुरुवार को सिरे मंदिर रोड स्थित न्यू बेस्ट बैकरी का निरीक्षण किया।
बिना खाद्य अनुज्ञा के चल रही थी बैकरी
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. भैराराम जाणी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान फर्म मालिक जमाल भाई से खाद्य अनुज्ञा पत्र मांगा गया, जिस पर उन्होंने अनभिज्ञता जताई। मौके पर जो पंजीकरण प्रमाणपत्र दिखाया गया, वह जून 2020 से अवधिपार पाया गया। जांच में सामने आया कि बैकरी लंबे समय से बिना वैध खाद्य अनुज्ञा के संचालित की जा रही थी।
साफ-सफाई और स्वच्छता में गंभीर लापरवाही
निरीक्षण के दौरान बैकरी में पाव बनाने की जगह पर साफ-सफाई नहीं मिली। कचरे के पास ही आटा गूंथा जा रहा था और अनहाइजेनिक तरीके से पाव तैयार किए जा रहे थे। बैकरी में वेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट और कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाण पत्र भी नहीं पाए गए
बिना बिल के मंगवाई जा रही थी खाद्य सामग्री
खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा खाद्य सामग्री के बिल मांगे जाने पर फर्म मालिक ने बिना बिल के खाद्य सामग्री मंगवाने की बात स्वीकार की। मिलावट की आशंका के चलते मौके से 263 किलो मैदा जब्त किया गया और पाव बनाने में उपयोग किए जा रहे मैदा व तेल के नमूने जांच के लिए लैब भेजे गए।
नोटिस जारी, खाद्य कारोबार पर रोक
इन गंभीर अनियमितताओं और लगभग 5 सालों से बिना अनुज्ञा के खाद्य व्यवसाय संचालित करने पर फर्म को नोटिस जारी किया गया। साथ ही निर्देश दिए गए कि आगामी आदेशों तक बैकरी में किसी भी प्रकार का खाद्य कारोबार नहीं किया जाए। बिना अनुज्ञा के खाद्य कारोबार जारी रखने पर संबंधित फर्म मालिक के खिलाफ माननीय न्यायालय में मुकदमा पेश किए जाने की चेतावनी भी दी गई।
रोक के बावजूद चलता रहा काम
खाद्य सुरक्षा टीम के अनुसार, बैकरी को खाद्य कारोबार पर रोक लगाने के निर्देश दिए जाने के बावजूद टीम के वहां से निकलने के बाद न्यू बेस्ट बैकरी में दिन भर पाव बनाने सहित सभी गतिविधियां चलती रहीं। इस संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
https://www.instagram.com/reel/DSuvAlBkxhu/?igsh=dnhqaHAydmI4bXAy

