PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-सिरोही के कालंद्री थाना क्षेत्र के फाचरिया गांव में एक दंपती के बीच विवाद के बाद पत्नी ने कीटनाशक पी लिया। तबीयत बिगड़ने पर उसे कालंद्री के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद सिरोही ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, आबू रोड तहसील के वाजना गांव निवासी हरदू राम गमेती भील अपनी पत्नी के साथ फाचरिया गांव में एक कुएं पर खेती का काम कर रहा था। रविवार दोपहर को दंपती के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी विवाद के चलते पत्नी ने गेहूं में छिड़कने वाली कीटनाशक दवाई का सेवन कर लिया।
कीटनाशक पीने के बाद महिला की हालत गंभीर हो गई। कालंद्री अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे सिरोही ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। सिरोही में करीब एक घंटे बाद उसे होश आया। ट्रॉमा सेंटर के डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने उसका इलाज शुरू किया। अब उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है और उसे वार्ड में भर्ती कर 24 घंटे डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।
