PALI SIROHI ONLINE
सोजत-सोजत-पाली राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-162) पर शनिवार को बागावास के निकट एक बोलेरो वाहन पलटने के बाद उसमें आग लग गई। यह घटना डीजल टैंक में रिसाव के कारण हुई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि वाहन को भारी नुकसान पहुंचा है।
मवेशी को बचाने के चक्कर में हादसा
जानकारी के अनुसार, बोलेरो चालक सड़क पर अचानक आए एक मवेशी को बचाने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान उसने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे बोलेरो हाईवे किनारे पलट गई।
डीजल टैंक से तेल लीक, आग लगी
हादसे के बाद वाहन को क्रेन की मदद से सोजत ले जाया जा रहा था। इसी दौरान सोजत जैकल माता मंदिर के पास पुलिए के पास बोलेरो के डीजल टैंक से अचानक रिसाव होने लगा और उसमें आग भड़क उठी।
दमकल विभाग ने दिखाई तत्परता
सूचना मिलते ही सोजत दमकल टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दमकल कर्मियों की तत्परता से आग को अधिक फैलने से रोका जा सका। स्थानीय लोगों ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवारा मवेशी लगातार सड़क हादसों का कारण बन रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से इस समस्या पर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।
