PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-उत्तर भारत में बर्फबारी के बाद से प्रभावी उत्तरी हवाओं से एक सप्ताह से प्रदेश के एकमात्र हिल स्टेशन माउंट आबू समेत पूरे जिले में कड़ाके की सर्दी का दौर है। माउंट आबू में शुक्रवार को पांचवें दिन सुबह ओस की बूंदें बर्फ बनी और वादियों में देर तक कोहरा रहा। माउंट आबू में न्यूनतम तापमान दूसरे दिन शुक्रवार को भी 1 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर रहा। इससे सर्दी से राहत नहीं मिली।
हालांकि यहां अधिकतम तापमान में 1 डिग्री की बढ़ोत्तरी के साथ पारा 25 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। इससे दोपहर में धूप खिलने से लोगों को सर्दी से थोड़ी राहत जरूर मिली, शाम होते-होते फिर शुरू हुई कड़ाके की सर्दी ने लोगों को ठिठुरा दिया। माउंट आबू में पड़ रही कड़ाके की सर्दी के साथ जिलेभर में सर्दी का असर बरकरार है।
शुक्रवार को सिरोही का न्यूनतम तापमान 1 डिग्री बढ़कर 8.3 डिग्री सेल्सियस तथा अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोत्तरी के साथ 23.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया। सिरोही में दिन माउंट आबू से भी ठंडा रहा। आगे क्या 2 सप्ताह मौसम रहेगा शुष्क : मौसम केन्द्र जयपुर ने राज्य में अगले दो सप्ताह कैसा मौसम रहेगा इसका पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक 4 दिसंबर तक प्रदेश में दिन का तापमान सामान्य के आसपास रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 या 3 डिग्री नीचे रह सकता है
