PALI SIROHI ONLINE
सिरोही जिला प्रमुख अर्जुन राम राजपुरोहित की अध्यक्षता में जिला स्थापना समिति की बैठक हुई। इसमें प्रारंभिक शिक्षा विभाग के 355 शिक्षकों के स्थायीकरण और 35 नवनियुक्त अध्यापकों की नियुक्ति के प्रकरणों को मंजूरी दी गई।
बैठक में दो वर्ष पूर्व नियुक्त प्रारंभिक शिक्षा विभाग के लगभग 355 शिक्षकों के स्थायीकरण प्रकरणों का अनुमोदन किया गया। साथ ही प्रारंभिक शिक्षा विभाग में 35 नवनियुक्त अध्यापकों के नियुक्ति प्रकरणों को भी स्वीकृति मिली।
इसके अतिरिक्त कनिष्ठ लिपिक भर्ती 2013 के वरीयता निर्धारण का भी नियमानुसार अनुमोदन किया गया।
बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं स्थापना समिति के सचिव प्रकाश चंद्र अग्रवाल, जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्र नानीवाल, जिला कलेक्टर के प्रतिनिधि हरि सिंह देवल और उपखंड अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्र नानीवाल ने बताया कि अध्यापकों के स्थायीकरण और नियुक्ति प्रकरणों सहित विभिन्न मामलों को अनुमोदित कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में शीघ्र ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शिक्षकों के स्थायीकरण और नवनियुक्त अध्यापकों की नियुक्ति का मार्ग प्रशस्त होने पर राजस्थान समग्र शिक्षक संघ ने आभार व्यक्त किया है। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. उदय सिंह दिनकर ने जिला प्रमुख अर्जुन राम पुरोहित, मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रकाश चंद्र अग्रवाल, जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्र कुमार नानीवाल और अन्य संबंधित अधिकारियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
