PALI SIROHI ONLINE
मारवाड़ जंक्शन-धामली गांव में रात्रि के समय बंद मकान को अज्ञात चोरों ने अपना निशाना बनाते हुए बड़ी ही सफाई से वारदात को अंजाम दिया। घटना की जानकारी सुबह परिवार के लोगों को लगी, जिसके बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और पुलिस को सूचित किया गया। धामली निवासी मोतीलाल मेघवाल ने मारवाड़ जंक्शन पुलिस थाने में रिपोर्टकरवाई कि अपनी पत्नी के साथ 16 नवंबर की रात पुणे जाने के लिए घर से निकला था।
इस दौरान मकान बंद होने का फायदा उठाते हुए चोरों ने रात में मकान के ताले तोड़ डाले। सुबह जब मोतीलाल की भाभी घर के पास से गुजरीं तो उन्होंने मुख्य दरवाजे के ताले टूटे हुए देखे। अंदर झांककर चोरी की आशंका होने पर उन्होंने तुरंत मोतीलाल को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही मोतीलाल ट्रेन से रास्ते में वसई स्टेशन पर ही उतरकर तुरंत वापस धामली के लिए रवाना हुए। मौके पर पहुंचकर मोतीलाल ने घर की छानबीन की तो पाया कि घर के ताले टूटे पड़े थे और सामान बिखरा हुआ था। अज्ञात चोर करीब 20 हजार रुपए नकद तथा चांदी व बेनटेक्स के जेवरात पार कर ले गए। पुलिस ने मोतीलाल की रिपोर्ट के आधार जांच शुरू कर दी है।
