PALI SIROHI ONLINE
उदयपुर-उदयपुर की खेरवाड़ा थाना पुलिस ने बीती देर रात अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 35 कर्टन अवैध शराब से भरी कार को जब्त किया। वहीं, पुलिस ने आरोपी चालक को भी गिरफ्तार किया। थानाधिकारी दलपत सिंह राठौड़ ने बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर द्वारा चलाई जा रहे अवैध शराब के धरपकड़ अभियान में खेरवाड़ा पुलिस ने कस्बे से गुजरने वाले नेशनल हाईवे-48 पर नाकाबंदी की।
इस दौरान उदयपुर की ओर से आ रही एक कार को रुकवाने की कोशिश की लेकिन कार चालक नाकाबंदी तोड़कर खेरवाड़ा की तरफ वाहन लेकर भागा। इस पर पुलिस ने खेरवाड़ा बस स्टैंड के सामने नेशनल हाईवे नंबर-48 पर वाहनों का जाम लगाकर संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा कार में जांच करने पर विभिन्न ब्रांड की अवैध अंग्रेजी शराब के कल 35 कर्टन पाए गए। जिसकी बाजार कीमत 4 लाख रुपए है।
इस पर खेरवाड़ा पुलिस ने आरोपी चालक जसवंत सिंह पुत्र प्रताप सिंह सिसोदिया निवासी अदवास रोडावत, जावरमाइंस को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज करते हुए आगे जांच शुरू कर दी है।
