PALI SIROHI ONLINE
जोधपुर-रेलवे प्रशासन ने जोधपुर-गांधीधाम-जोधपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस के टर्मिनल स्टेशन और टाइम टेबल में आज (3) नवंबर) से बदलाव किया है। ट्रेन अब जोधपुर के बजाय भगत की कोठी रेलवे स्टेशन से गांधीधाम स्टेशनों के बीच संचालित होगी। ट्रेन के रूट के स्टेशनों से संचालन समय में भी परिवर्तन किया गया है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि ट्रेन संख्या 22483 जोधपुर-गांधीधाम सुपरफास्ट एक्सप्रेस 3 नवंबर से भगत की कोठी रेलवे स्टेशन से रात्रि 11 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 8.30 बजे गांधीधाम रेलवे स्टेशन पहुंचेगी।
वापसी की टाइमिंग में बड़ा बदलाव
वापसी में ट्रेन संख्या 22484 गांधीधाम-जोधपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस गांधीधाम से 3 नवंबर से रात्रि 11:55 बजे के बजाय परिवर्तित समय रात्रि 9:40 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन अगले दिन सुबह 7:15 बजे जोधपुर के स्थान पर भगत की कोठी रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगी।
जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम विकास खेड़ा ने बताया कि ट्रेन के टर्मिनल स्टेशन के साथ ही इसके मार्ग के स्टेशनों से संचालन समय में भी परिवर्तन किया गया है। इसलिए यात्रियों को अपनी यात्रा प्रारंभ करने से पहले विभिन्न अधिकृत और उचित माध्यमों से अपनी ट्रेन की स्थिति व यात्रा प्रारंभ करने वाले स्टेशन से संचालन समय की जानकारी पूर्व में ही प्राप्त करनी होगी जिससे होने वाली किसी भी असुविधा से बचा जा सके।
भगत की कोठी से गांधीधाम का टाइम टेबल
ट्रेन संख्या 22483 भगत की कोठी से रात्रि 11 बजे रवाना होने के बाद लूनी स्टेशन पर रात्रि 11:23 बजे आगमन और 11:25 बजे प्रस्थान करेगी। इसके बाद दुंदाड़ा स्टेशन पर 11:45 और 11:47 बजे, समदड़ी पर रात्रि 12:05 और 12:10 बजे, मोकलसर पर 12:29 और 12:32 बजे, जालोर पर 12:56 और 12:59 बजे, मोदरान पर रात्रि 1:25 और 1:28 बजे रुकेगी।
ट्रेन मारवाड़ भीनमाल स्टेशन पर रात्रि 1:48 और 1:51 बजे, रानीवाड़ा पर 2:25 और 2:28 बजे, धानेरा पर सुबह 3:15 और 3:17 बजे, भीलड़ी पर 4:20 और 4:25 बजे, भाभर पर 5 और 5:02 बजे, राधनपुर पर 5:18 और 5:20 बजे और संख्याली स्टेशन पर सुबह 7:20 बजे आगमन और 7:22 बजे प्रस्थान कर 8:50 बजे गांधीधाम पहुंचेगी।
गांधीधाम से भगत की कोठी की परिवर्तित समय सारणी
वापसी में ट्रेन संख्या 22484 गांधीधाम से रात्रि 9:40 बजे खाना होकर संख्याली स्टेशन पर रात्रि 10:26 बजे आगमन और 10:28 बजे प्रस्थान करेगी। इसके बाद राधनपुर स्टेशन पर रात्रि 12:01 और 12:03 बजे, भाभर पर 12:20 और 12:22 बजे, भीलड़ी पर रात्रि 1:20 और 1:25 बजे, धानेरा पर 1:54 और 1:56 बजे, रानीवाड़ा पर 2:32 और 2:34 बजे रुकेगी।
ट्रेन मारवाड़ भीनमाल स्टेशन पर सुबह 3:11 और 3:14 बजे, मोदरान पर 3:35 और 3:37 बजे, जालोर पर 4:04 और 4:07 बजे, मोकलसर पर 4:31 और 4:37 बजे, समदड़ी पर 5 और 5:05 बजे, दुंदाड़ा पर 5:25 और 5:27 बजे और लूनी स्टेशन पर सुबह 6 बजे आगमन और प्रस्थान कर सुबह 7:15 बजे भगत की कोठी स्टेशन पहुंचेगी।
