टीटीई ने दिखाई ईमानदारी, 2.42 लाख रुपए नकद व लैपटॉप यात्री को लौटाया
PALI SIROHI ONLINE
टीटीई ने दिखाई ईमानदारी, 2.42 लाख रुपए नकद व लैपटॉप यात्री को लौटाया
-यात्री ने की रेलवे की सामाजिक सरोकार के निर्वहन की प्रशंसा
जोधपुर। ट्रेन में भूलवश छूटा बैग रेलवे स्टाफ की तत्परता से यात्री को सुरक्षित वापस मिल गया। बैग में 2.42 लाख रुपए नकद और एक कीमती लैपटॉप रखा हुआ था।
उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि जोधपुर निवासी यात्री राहुल छाजेड़ पुत्र विमल कुमार ने 7 अप्रेल को ट्रेन संख्या 14888 बाड़मेर-ऋषिकेश एक्सप्रेस के सेकंड एसी कोच ए-1 की सीट संख्या 11 पर बाड़मेर से जोधपुर तक यात्रा की। जोधपुर स्टेशन पर उतरने के बाद उन्हें ध्यान आया कि उनका लैपटॉप बैग ट्रेन में ही छूट गया है। इस पर उन्होंने जोधपुर रेलवे स्टेशन के उप अधीक्षक (वाणिज्य) मान सिंह राठौड़ को सूचना दी कि वह अपना बैग ट्रेन में ही भूल गए है जिसमें 2.42 लाख नकद,एक लैपटॉप,पर्स व अन्य आवश्यक दस्तावेज हैं।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही ट्रेन में जोधपुर से ड्यूटी के लिए सवार हुए कंडक्टर टीटीआई कन्हैयालाल खटीक ने तत्परता दिखाते हुए संबंधित कोच व सीट पर पहुंचकर जांच की और बैग को सुरक्षित अपने कब्जे में ले लिया। बैग में यात्री द्वारा बताए गए नकद व अन्य सामान की पुष्टि करते हुए इसकी सूचना तुरंत दी गई। जब तक ट्रेन गोटन स्टेशन पहुंच चुकी थी।
इसके बाद बुधवार 8 अप्रेल को जोधपुर लौटने पर टीटीआई कन्हैयालाल खटीक ने यात्री को बुलाकर पहचान सत्यापन के उपरांत पूरा सामान सही-सलामत सुपुर्द कर दिया,जिससे उनकी ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय मिला। कन्हैयालाल इससे पहले भी इस तरह के उल्लेखनीय कार्य कर चुके हैं।
रेलवे द्वारा सामाजिक सरोकारों का भी निर्वहन
सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के नेतृत्व में टिकट चेकिंग स्टाफ नियमित ड्यूटी के साथ सामाजिक सरोकारों का भी निर्वहन कर रहा है। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है और स्टाफ की सजगता से ही इस तरह यात्री का कीमती सामान सुरक्षित वापस मिल सका।

