PALI SIROHI ONLINE
जालोर-जालोर में जिलेभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। सुबह-शाम ठंडक का एहसास बढ़ने लगा है, जबकि दोपहर में गर्मी के तेवर अब भी कायम है। मौसम विभाग के अनुसार, जालोर में पिछले 8 दिनों में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
बीते सप्ताह रात का न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री था, जो घटकर अब 15.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। तापमान में आई इस गिरावट से रात में सर्दी बढ़ गई है। वहीं, दिन के तापमान में करीब 1 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे दोपहर में अब भी गर्मी का असर बना हुआ है।
सर्दी-जुकाम के मरीजों की संख्या बढ़ी
मौसम के बदलते तेवरों का असर स्वास्थ्य पर भी दिखने लगा है। दिन और रात के तापमान में भारी अंतर के चलते सर्दी-जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ी है। जानकारी के अनुसार, अगस्त में ओपीडी में लगभग 700, सितंबर में 850, और अक्टूबर माह में शनिवार तक करीब 670 मरीज सर्दी-जुकाम के लक्षणों के साथ पहुंचे हैं। डॉ. रमेश चौधरी ने बताया कि इन दिनों मौसमी बीमारियों के मरीजों में बढ़ोतरी देखी जा रही है।
आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ेगी
मौसम विशेषज्ञ भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि वर्तमान में रातों के दौरान सर्दी और दिन में गर्मी का मिश्रित असर देखने को मिल रहा है। आगामी सप्ताह में तापमान में और गिरावट आने के संकेत हैं, जिससे सर्दी में और बढ़ोतरी होने की संभावना है।
