PALI SIROHI ONLINE
पाली-जिले में 30 नवंबर से उर्वरक बिक्री की नई फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल्स (एफएफएस) व्यवस्था लागू होने जा रही है। सरकारी अनुदानित खाद खरीदने के लिए फार्मर आईडी और फार्मर रजिस्ट्री करवाना अनिवार्य होगा।
संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) प्रदीप कुमार छाजेड़ ने बताया कि प्रदेश के 18 जिलों में प्रथम चरण के तहत 25 नवंबर से यह व्यवस्था शुरू हो चुकी है। अब दूसरे चरण में 30 नवंबर से पाली सहित सीकर और झुंझुनूं जिले में इसे लागू किया जा रहा है। किसानों को उनकी जमीन के रकबे और बोई गई फसल की वास्तविक जरूरत के हिसाब से ही खाद उपलब्ध हो सकेगा।
गोदामों का होगा भौतिक सत्यापन, गड़बड़ी पर कार्रवाई : जिला स्तरीय एफएफएस कंट्रोल रूम बनाया गया है और मास्टर ट्रेनर्स व फील्ड टीमों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिन खाद विक्रेताओं के लाइसेंस एक्सपायर हो चुके हैं, उन्हें अपडेट करवाया जा रहा है। फील्ड टीमें दुकानदारों की पीओएस मशीन में दर्ज ऑनलाइन स्टॉक और गोदाम में रखे वास्तविक स्टॉक का मौके पर जाकर मिलान करेंगी। यदि स्टॉक में किसी भी तरह की अनियमितता या कालाबाजारीपाई गई, तो उर्वरक निरीक्षकों द्वारा संबंधित विक्रेता के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फार्मर आईडी पंजीकरण या किसी भी तकनीकी समस्या के तुरंत समाधान के लिए किसान कृषि विभाग के स्थानीय अधिकारियों और कार्मिकों से संपर्क कर सकते हैं। विभाग ने जिला कार्यालय के दूरभाष नंबर 02932-221341 जारी किए हैं। पोर्टल से मैप मशीनें होंगी। जिले के सभी खुदरा उर्वरक विक्रेताओं की पीओएस मशीनों को संबंधित तहसील के एलजीडी कोड और आईएफएमएस पोर्टल से जोड़ा जा रहा है। पीओएस मशीन में किसान की फार्मर आईडी दर्ज की जाएगी, तो भूमि का पूरा रिकॉर्ड स्क्रीन पर आ जाएगा। जमीन और फसल के रिकॉर्ड के आधार पर सॉफ्टवेयर खुद बताएगा कि कितने उर्वरक की आवश्यकता है।

