PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा
बाड़मेर या भगत की कोठी से समदड़ी- जालोर-भीलड़ी, सिकंदराबाद होते हुए विशाखापट्टनम तक प्रतिदिन नई सुपरफास्ट ट्रेन चलाने की पुरजोर उठाई मांग
तखतगढ 27 नवम्बर (खीमाराम मेवाडा) पश्चिमी राजस्थान और दक्षिण भारत के बीच रेल संपर्क को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, यात्री सुविधा सेवा समिति, जालोर के अध्यक्ष एवं सामाजिक आरटीआई कार्यकर्ता हीराचंद भण्डारी ने माननीय रेलमंत्री (रेल मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली) को पत्र भेजकर जनहित से जुड़ी एक अत्यंत आवश्यक बाड़मेर या भगत की कोठी से समदड़ी- जालोर-भीलड़ी, सिकंदराबाद होते हुए विशाखापट्टनम तक प्रतिदिन नई सुपरफास्ट ट्रेन चलाने की पुरजोर मांग उठाई है।
यह हे प्रस्तावित रेल मार्ग
बाड़मेर या भगत की कोठी (जोधपुर) से समदड़ी–भीलड़ी–सिकंदराबाद होते हुए विशाखापट्टनम तक प्रतिदिन एक नई सुपरफास्ट ट्रेन का संचालन शुरू किया जाए।
प्रवासी और व्यापारिक लाभ
जालोर और बाड़मेर जिले के लाखों प्रवासी नागरिक अपने व्यापार और रोजगार के सिलसिले में दक्षिण भारत के कोने-कोने में बसे हुए हैं। सीधी ट्रेन की सुविधा मिलने से इन प्रवासियों का अपने गृह क्षेत्र से आवागमन बेहद सुगम और किफायती हो जाएगा।
देश की रक्षा में तैनात सैनिकों के लिए सुविधा
बाड़मेर सीमा क्षेत्र (बॉर्डर) पर देश की रक्षा करने वाले बड़ी संख्या में सैनिक दक्षिण भारत से आते हैं। इस नई ट्रेन के शुरू होने से प्रतिदिन सैकड़ों जवानों और यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
चार राज्यों को जोड़ेगी और रेलवे का राजस्व बढ़ेगा:
यह ट्रेन चार राज्यों से होकर गुजरेगी, जिससे उन राज्यों के यात्रियों को भी सीधा लाभ मिलेगा और भारतीय रेलवे को भी प्रतिदिन अच्छा राजस्व प्राप्त होगा।
यात्री सुविधा सेवा समिति, जालोर द्वारा इस मांग की प्रतिलिपि रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष (नई दिल्ली), उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक (जयपुर) तथा मंडल रेल प्रबंधक (जोधपुर) को भी आवश्यक कार्यवाही हेतु भेजी गई है।
क्षेत्र की जनता, प्रवासियों और देश के जवानों की सुविधा को देखते हुए रेल मंत्रालय से विनम्र आग्रह है कि इस लंबित मांग को शीघ्र स्वीकार कर नई सुपरफास्ट ट्रेन चलाने की घोषणा की जाए।

