PALI SIROHI ONLINE
रेवदर, सिरोही-मंडार में कांडला हाईवे पर गुरुवार को चलती टैक्सी कार में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। ड्राइवर ने कार रोककर सवार युवती को बाहर निकाल लिया। दोनों की जान बच गई, लेकिन कार और युवती का सारा सामान जल गया। टैक्सी अहमदाबाद से जालोर जा रही थी।
हादसा रिलायंस पेट्रोल पंप के ठीक सामने हुआ।पेट्रोल पंप के सामने पहुंचते ही कार में उठने लगीं लपटें
जानकारी के अनुसार, टैक्सी कार गुरुवार को अहमदाबाद से एक युवती को लेकर जालौर की तरफ जा रही थी। कार कांडला हाईवे पर मंडार स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के सामने पहुंची। तभी अचानक कार में शॉर्ट सर्किट हुआ और लपटें उठने लगीं।
ड्राइवर की सूझबूझ से बची जान
आग लगने की भनक लगते ही चालक ने घबराए बिना कार को तुरंत साइड में रोका। उसने सवारी युवती को बाहर निकाला। हादसा पेट्रोल पंप के सामने हुआ था, इसलिए बड़े हादसे का खतरा था।
सूचना मिलते ही मंडार थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। आग बुझने तक कार और उसमें रखा युवती का पूरा सामान जलकर राख हो चुका था।

