PALI SIROHI ONLINE
सोजत-सोजत के पास चोपड़ा गांव में मंगलवार देर रात चोरों ने ज्वेलरी दुकान के ताले और शटर तोड़कर 12 किलो चांदी, 43 ग्राम सोने के जेवर और करीब 10 हजार रुपए चुरा लिए। दुकान सोजत-जोधपुर स्टेट हाईवे पर है और शिवपुरा थाने के तहत आती है।
दुकान के मालिक सूरजमल चौधरी पास के पड़ासला कलां गांव में रहते हैं। मंगलवार रात दुकान बंद कर वे घर चले गए थे। सुबह लोगों ने दुकान के ताले और शटर टूटे देखे औरसूरजमल को सूचना दी।
दुकान पहुंचे तो उखड़ा हुआ था शटर
दुकान पहुंचने पर सूरजमल ने देखा कि शटर बीच से उखड़ा हुआ था और ताले टूटे थे। दुकान के अंदर रखे चांदी के जेवर गायब थे। चोर खाली डिब्बे आसपास फेंक गए थे। पुलिस को जांच के दौरान कई खाली डिब्बे मिले।
सूरजमल ने चोरी की रिपोर्ट शिवपुरा थाने में दी है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। इस दौरान वहां ग्रामीण जमा हो गए।
शिवपुरा थाना प्रभारी दाऊद खान ने कहा कि चोरों को पकड़ने के लिए नाकेबंदी कराई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

