PALI SIROHI ONLINE
फलोदी,बिलाड़ा-फलोदी-जैसलमेर सड़क मार्ग पर कलरा गांव की सरहद के पास कैंपर पीछे से ट्रेलर में घुस गई। हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई, एक घायल है।
हादसा देर रात कलरा गांव की सरहद के पास हुआ।
जानकारी के अनुसार कैंपर में तीन लोग सवार थे। वे फलोदी जिले के बाप इलाके से अपने गांव साकड़ा लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से जा घुसी।
हादसे के बाद स्थानीय लोग तीनों को फलोदी जिला अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने आसान खां (22) पुत्र भंवरु खां को मृत घोषित कर दिया। दो गंभीर घायलों को 108 एंबुलेंस से जोधपुर रेफर किया गया।
रास्ते में तोड़ा दम
जोधपुर ले जाते समय सदाम हुसैन (25) पुत्र जुसब खां ने भी दम तोड़ दिया। तीसरे घायल सलीम (21) का जोधपुर में इलाज जारी है।
सूचना मिलने पर फलोदी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क किनारे हटाया। इसके बाद शवों को फलोदी जिला अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया।
पोस्टमॉर्टम करवाकर बॉडी सौंपी
एएसआई घेवर राम ने बताया- मंगलवार दोपहर आसान खां के शव का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। सदाम हुसैन के शव का जोधपुर के एमडीएम अस्पताल में पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंपा गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

