PALI SIROHI ONLINE
*पाली जिला प्रमुख एवं उप जिला प्रमुख निर्वाचन के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला मजिस्ट्रेट ने दिए निर्देश*
पाली, 24 नवंबर। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत जिला प्रमुख एवं उप जिला प्रमुख पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया 25 एवं 26 नवंबर 2026 को जिला परिषद, पाली के सभागार में संपन्न होगी। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला मजिस्ट्रेट डॉ. रविन्द्र गोस्वामी ने उपखंड मजिस्ट्रेट पाली विमलेन्द्र राणावत को कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है।
जिला मजिस्ट्रेट ने जिला पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए हैं कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान जिला परिषद एवं कलेक्ट्रेट परिसर में 25 एवं 26 नवंबर को पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। साथ ही अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए शांति एवं कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करें, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

