PALI SIROHI ONLINE
बाली में स्पंदन अभियान के तहत उप कारागृह बाली में 26 बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी परामर्श सेवाएं, तीन माह तक चलेगा विशेष कारागार स्वास्थ्य सेवा अभियान, मोबाइल मेडिकल टीम माह में दो बार करेगी बंदियों की स्वास्थ्य जांच
बाली (पाली) 22 नवंबर 2026/ चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से संचालित स्पंदन: कारागार स्वास्थ्य सेवा अभियान के तहत रविवार को जिला चिकित्सालय बाली की चिकित्सा टीम द्वारा उप कारागृह बाली में विशेष स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कुल 26 बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। पीएमओ डॉ भरत टेलर ने बताया कि इस विशेष अभियान के तहत आगामी तीन माह तक कारागृह में निरुद्ध बंदियों के स्वास्थ्य की नियमित जांच की जाएगी। इसके लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से गठित जिला चिकित्सालय बाली की मोबाइल मेडिकल टीम माह में दो बार जेल परिसर में पहुंचकर बंदियों की स्वास्थ्य जांच एवं उपचार संबंधी सेवाएं उपलब्ध करवाएगी।
उन्होंने बताया कि रविवार को आयोजित शिविर के दौरान चिकित्सा दल ने बंदियों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ ही रक्तचाप, मधुमेह, हृदय, श्वसन तंत्र, त्वचा, नेत्र, दंत एवं अस्थि संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं की जांच की। साथ ही बंदियों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को सुनकर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं काउंसलिंग की गई।
विशेषज्ञ चिकित्सकों सहित चिकित्सा दल रहा मौजूद
शिविर में कनिष्ठ विशेषज्ञ (मेडिसिन) डॉ. ललित कुमार चौधरी, कनिष्ठ विशेषज्ञ (सर्जरी) डॉ. मांगीलाल, कनिष्ठ विशेषज्ञ (अस्थि रोग) डॉ. उमेश कुमार गुप्ता, चिकित्सा अधिकारी डॉ. भगवतीलाल, चिकित्सा अधिकारी (दंत) डॉ. हेमलता एच., नर्सिंग अधिकारी श्री चुन्नीलाल, नर्सिंग अधिकारी (कारागार) श्री विजय कुमार तथा लैब सहायक जितेन्द्रसिंह मेड़तिया एवं गुलाब पूरी ने सेवाएं दीं।
इस पहल का उद्देश्य कारागृह में निरुद्ध बंदियों को नियमित स्वास्थ्य जांच, समय पर चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक उपचार की सुविधा उपलब्ध करवाना है, ताकि उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान कर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जा सकें।

