PALI SIROHI ONLINE
पाली-सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर 10 बसों का निरीक्षण, एक बस सीज और 7 के चालान
पाली। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, परिवहन विभाग, पुलिस विभाग एवं जिला प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा सड़क सुरक्षा नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए बसों का सघन निरीक्षण किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अपर जिला न्यायाधीश विक्रम सिंह भाटी की उपस्थिति में परिवहन विभाग की टीम ने विभिन्न बसों की फिटनेस, परमिट, बीमा, पीयूसी, अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन निकासी, अनाधिकृत संशोधन, सीट बेल्ट एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की।
निरीक्षण के दौरान संयुक्त टीम ने कुल 10 बसों की जांच की, जिसमें एक बस को सीज किया गया तथा सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर 7 बसों के चालान बनाए गए। इसके अतिरिक्त यात्रियों को सुरक्षित यात्रा के प्रति जागरूक करने के लिए बसों में अनाधिकृत लगेज कंपार्टमेंट, आपातकालीन निकासी, अग्निशमन यंत्र एवं फिटनेस संबंधी व्यवस्थाओं की भी जांच की गई।
यह कार्रवाई दो माह की अवधि के लिए संचालित ‘रास्ता फॉर रोड सेफ्टी अभियान 2.0’ के तहत की गई। अभियान का उद्देश्य स्कूल बसों, लग्जरी बसों, कनेक्टेड वाहनों सहित अन्य यात्री वाहनों में सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित करना है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा परिवहन विभाग के हेल्पलाइन नंबर 9928900900 तथा स्टीकर के माध्यम से यात्रियों को बस संचालन, चालक या कंडक्टर के आचरण एवं सुरक्षा संबंधी शिकायत दर्ज करवाने के लिए जागरूक किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव विक्रम सिंह भाटी, परिवहन निरीक्षक एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



