PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा
सुमेरपूर में भाजपा का ‘राजनीतिक गढ़’ दरकने लगा, पंचायत समिति में कांग्रेस की ऐतिहासिक जीत ने सत्ता के दावों की खोली पोल, विधानसभा चुनाव में हार के बाद भी मैदान में डटे रहे हरिशंकर मेवाड़ा; मजबूत रणनीति, जीताऊ उम्मीदवार और जनसंपर्क ने कांग्रेस को बहुमत के पार पहुंचाया, 15 साल पंचायत समिति, करीब 18 साल विधानसभा में भाजपा का दबदबा, लेकिन जनता अब मांग रही जवाब
तखतगढ 21 नवम्बर (खीमाराम मेवाडा) सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र में पंचायत समिति चुनाव के परिणाम ने भाजपा के वर्षों पुराने राजनीतिक वर्चस्व को चुनौती देते हुए कांग्रेस के पक्ष में नई राजनीतिक तस्वीर उकेर दी है। जिस सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र को भाजपा अपना मजबूत राजनीतिक गढ़ मानकर चलती रही, उसी क्षेत्र की पंचायत समिति चुनाव में कांग्रेस ने पिछले चुनाव की तुलना में शानदार प्रदर्शन करते हुए बहुमत के आंकड़े को पार कर ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। जबकी पिछले चुनाव में कांग्रेस बहुमत से महज एक सीट पीछे रह गई थी, लेकिन इस बार कांग्रेस नेतृत्व ने पिछली हार से सबक लेते हुए चुनावी रणनीति में बदलाव किया। टिकट वितरण में सूझबूझ, जीताऊ उम्मीदवारों का चयन, मजबूत सामाजिक समीकरण और कार्यकर्ताओं की एकजुटता ने कांग्रेस को निर्णायक बढ़त दिलाई।
यह जीत केवल पंचायत समिति की सत्ता का परिणाम नहीं, बल्कि भाजपा के राजनीतिक वर्चस्व, स्थानीय नेतृत्व की कार्यशैली और पिछले वर्षों के शासन को लेकर जनता के बदलते मूड का संकेत मानी जा रही है।
* *हार के बाद भी जनता के बीच डटे रहे हरिशंकर मेवाड़ा, उसी संघर्ष का मिला परिणाम*
कांग्रेस की इस ऐतिहासिक जीत के पीछे विधानसभा कांग्रेस प्रत्याशी हरिशंकर मेवाड़ा की निरंतर सक्रियता, संगठनात्मक क्षमता और राजनीतिक दूरदर्शिता को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विधानसभा चुनाव में हार के बाद भी उन्होंने क्षेत्र की राजनीति से दूरी नहीं बनाई। वे लगातार गांवों में पहुंचते रहे, आमजन के दुख-सुख में सहभागी बने, कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया और जनता के बीच कांग्रेस की आवाज बुलंद करते रहे।
राजनीति में चुनाव के समय हाथ जोड़कर वोट मांगने वाले नेताओं की कमी नहीं है, लेकिन चुनाव हारने के बाद भी जनता के बीच बने रहना, उसके संकट में साथ खड़ा होना और संगठन को लगातार सक्रिय रखना ही वास्तविक नेतृत्व की पहचान है।
हरिशंकर मेवाड़ा ने इसी राजनीतिक सिद्धांत को अपनाते हुए सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस संगठन को कमजोर पड़ने नहीं दिया। पंचायत समिति चुनाव में कांग्रेस की ऐतिहासिक जीत उनके लगातार संघर्ष, कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय और जनता के बीच बनाई गई मजबूत पकड़ का परिणाम मानी जा रही है।
* *टिकट वितरण में गलती नहीं, जीत को प्राथमिकता—कांग्रेस ने बदली रणनीति*
पिछले चुनाव में बहुमत से एक सीट कम रह जाने के बाद कांग्रेस ने इस बार चुनावी रणनीति को अधिक व्यावहारिक और मजबूत बनाया। टिकट वितरण के दौरान स्थानीय जनाधार, उम्मीदवार की लोकप्रियता, सामाजिक समीकरण, कार्यकर्ताओं की स्वीकार्यता और चुनाव जीतने की क्षमता को प्राथमिकता दी गई। कांग्रेस ने ऐसे उम्मीदवार मैदान में उतारे, जिनमें भाजपा के मजबूत उम्मीदवारों को चुनौती देने का दम था। इस बार कांग्रेस ने केवल चुनाव लड़ने के लिए टिकट नहीं बांटे, बल्कि पंचायत समिति में बहुमत हासिल करने के लक्ष्य के साथ उम्मीदवारों का चयन किया। इसका परिणाम सामने आया—कांग्रेस ने बहुमत के आंकड़े को पार करते हुए भाजपा के चुनावी समीकरणों को ध्वस्त कर दिया। यह जीत साबित करती है कि मजबूत नेतृत्व, सही रणनीति और जमीनी कार्यकर्ताओं को विश्वास में लेकर चुनाव लड़ा जाए तो वर्षों पुराने राजनीतिक वर्चस्व को भी चुनौती दी जा सकती है।
सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा का लंबे समय से राजनीतिक दबदबा रहा है। करीब 15 वर्षों से पंचायत समिति और लगभग 18 वर्षों से विधानसभा में भाजपा का वर्चस्व रहने के बावजूद जनता आज भी अनेक मूलभूत समस्याओं से जूझ रही है। जनता ने जवाब स्वरूप वोट किया, पिछले तीन वर्षों में क्षेत्र के विकास, प्रशासनिक व्यवस्था और जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच असंतोष बढ़ने के आरोप लग रहे हैं।
क्षेत्र के गांवों में पेयजल, सड़क, चिकित्सा, बिजली, शिक्षा, सिंचाई और रोजगार जैसे मुद्दे आज भी जनता की प्राथमिकता हैं। किसान खेतों में पानी और सिंचाई सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। ग्रामीण इलाकों में सड़क और पेयजल समस्याएं लोगों की रोजमर्रा की परेशानी बनी हुई हैं। स्वास्थ्य सुविधाओं और युवाओं के रोजगार के सवाल भी लगातार उठ रहे हैं। ऐसे में जनता यह जानना चाहती है कि वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद इन समस्याओं के समाधान के लिए आखिर क्या ठोस और स्थायी कार्य किए गए।राजनीतिक मंचों पर विकास के बड़े-बड़े दावे करना आसान है, लेकिन गांव की चौपाल पर जनता के सवालों का जवाब देना ही वास्तविक जनप्रतिनिधित्व की कसौटी है।
पंचायत समिति चुनाव भाजपा के लिए खतरे की घंटी, कांग्रेस के लिए नई राजनीतिक उम्मीद
सुमेरपुर पंचायत समिति चुनाव का परिणाम भाजपा के लिए केवल सीटों का नुकसान नहीं, बल्कि राजनीतिक आत्ममंथन का अवसर है। वर्षों के राजनीतिक वर्चस्व के बाद कांग्रेस की इस सफलता ने साबित कर दिया है कि जनता का विश्वास स्थायी रूप से किसी एक पार्टी की जागीर नहीं होता। कांग्रेस के लिए यह जीत आगामी विधानसभा चुनाव की दिशा में नई ऊर्जा, संगठनात्मक मजबूती और कार्यकर्ताओं के आत्मविश्वास का आधार बन सकती है।
*हरिशंकर मेवाड़ा की सक्रियता, कांग्रेस के रणनीतिक टिकट वितरण और जनता के बीच लगातार संपर्क ने इस चुनाव में निर्णायक भूमिका निभाई है।*



