PALI SIROHI ONLINE
जालोर-जालोर जिले में ट्रक से आगे निकलने की होड़ में बाइक सवार 2 युवकों की मौत हो गई। हादसा रामसीन से भीनमाल रास्ते पर शाम करीब 5.30 बजे हुआ।
जानकारी के अनुसार, रामसीन थाना क्षेत्र में भीनमाल की ओर से आइशर ट्रक रामसीन की तरफ आ रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे बाइक सवार 2 युवकों ने ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश की। हालांकि दोनों की तेज रफ्तार बाइक, ट्रक से टकरा गई।हादसे में सिरोही के हनुमान वास गोलिया निवासी जीतू सिंह पुत्र वचन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि साथी ईश्वर पुत्र तगाराम ने एम्बुलेंस से भीनमाल हॉस्पिटल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
सूचना पर पहुंची रामसीन थाना पुलिस ने दोनों शवों को मॉर्च्यूरी में रखवाया और परिजनों को सूचना दी।
वहीं हादसे के बाद ट्रक सड़क से नीचे उतरकर पलटी खा गया। ड्राइवर फरार हो गया। जबकि उसमें पीछे बैठे 2 मजदूरों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया, जिनसे पुलिस पूछताछ कर रही है।

