PALI SIROHI ONLINE
फालना में इंदिरा गांधी जयंती पर कांग्रेसजनों ने अर्पित की पुष्पांजलि, विचार संगोष्ठी का हुआ आयोजन
फालना। भारत की पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती के अवसर पर बुधवार को खुडाला-फालना के मुख्य चौराहे स्थित इंदिरा गांधी चौक पर नगर कांग्रेस कमेटी द्वारा पुष्पांजलि एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हितेश (हैप्पी) मेवाड़ा ने की। इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेसजनों ने इंदिरा गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विचार संगोष्ठी का आयोजन भी किया गया, जिसमें वक्ताओं ने इंदिरा गांधी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व, उनके साहसिक नेतृत्व, राष्ट्र निर्माण में योगदान तथा देश की एकता और अखंडता के लिए किए गए कार्यों को याद किया।
कार्यक्रम में नगरपालिका के कांग्रेस पार्षद प्रतिनिधि नेकराम चौधरी, मुकेश अग्रवाल, पार्षद भरत चौधरी, दलपत गिरी गोस्वामी, रवि भटनागर एवं वरिष्ठ कांग्रेसी सुरेश सिंह राजपुरोहित, साबिर छीपा, दिनेश सरगरा, मयंक चौहान, मनोहर गिरी सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित कांग्रेसजनों ने इंदिरा गांधी के राष्ट्र के प्रति समर्पण, दृढ़ इच्छाशक्ति एवं जनसेवा के आदर्शों को स्मरण करते हुए उन्हें नमन किया।


