PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा
सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र में पेयजल संकट दूर करने की कवायद होगी शुरू
-25.47 करोड़ के 115 प्रस्ताव तैयार -फालना ग्रामीण डिवीजन ने समर कंटिंजेंसी 2025-26 के तहत बनाई कार्ययोजना
38 गांवों के लोगों और पशुधन को मिलेगी राहत
तखतगढ 19 नवम्बर (खीमाराम मेवाडा) राजस्थान सरकार के पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत के निर्देश पर सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र में ग्रीष्मकालीन पेयजल और पशुओं के लिए पानी की समस्या के स्थायी समाधान की तैयारी शुरू हो गई है। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने पाली जिले के फालना ग्रामीण डिवीजन के अधीन सुमेरपुर ब्लॉक के लिए समर कंटिंजेंसी 2025-26 के तहत कुल 115 प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। प्रस्तावों की कुल लागत 2547.66 लाख रुपये यानी लगभग 25.47 करोड़ रुपये प्रस्तावित है। हालांकि पाली जिले में 56.78 करोड़ रुपये की लागत से कार्य करवाए जाएँगे।मंत्री कुमावत ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि गर्मी के मौसम में ग्रामीणों के साथ-साथ गोवंश और पशुधन के लिए पेयजल की कोई कमी न रहे। इसी को देखते हुए विभाग ने हर गांव के लोकल सोर्स को मजबूत करने की योजना बनाई है।
इन कार्यों को दी गई प्राथमिकता :
योजना में मुख्य रूप से –
- नये ट्यूबवेल का निर्माण व कमीशनिंग
- पुराने ओपनवेल की डी-सिल्टिंग, डीपिंग और हॉरिजॉन्ट्रल बोरिंग
- पंप हाउस की मरम्मत
- क्षतिग्रस्त राइजिंग लाइन को बदलना और लोकल सोर्स को OHSR से जोड़ना शामिल है।
इन गांवों को मिलेगा सीधा लाभ
सुमेरपुर उपखंड के देवतरा, गुड़िया बलाना, खिवांदी, सिन्दरू, बिरामी, बांगड़ी, जवाई बांध, पालड़ी जोड़, दुजाना, कोलीवाड़ा, जवाई रिवर बैंक पर स्थित 5 गांवों (पोमावा-पुराडा-कानपुरा-सलोदरिया फतापुरा) की रीजनल वाटर सप्लाई योजना, बांकली, गलथनी-सोनपुरा, जाखोड़ा, बलवना, वेनपुरा-देवतरा, सांडेराव, नेतरा, बसंत, गोगरा, हिंगोला, कोसेलाव, पावा, राजपुरा सहित 38 गांव लाभान्वित होंगे।
इसी तरह तखतगढ़ उपखंड के अनोपपुरा, बाबागांव, बड़गांवड़ा, बड़ली, धना, केनपुरा, लापोद, नवागुडा, साली आदि गांव योजना में शामिल किए गए हैं।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार वित विभाग ने प्रस्तावों को स्वीकृति दे दी है। अब प्रशासनिक स्वीकृति के लिए उच्च स्तर पर भेज दिया गया है। स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू कर दिए जाएगे ताकि आगामी गर्मी से पहले सभी कार्य पूरे कर ग्रामीणों और पशुपालकों को राहत दी जा सके। जोराराम कुमावत ने कहा कि अन्य गांवों में भी उपलब्धता के अनुसार स्कीम बनवाकर स्वीकृत करवाई जाएगी ताकि आमजन को कोई असुविधा न हो। इस योजना के स्वीकृत होने पर मंत्री जोराराम कुमावत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एव पीएचईडी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी का आभार जताया है।


